जगदलपुर, 27 नवम्बर 2025।
संयुक्त संचालक शिक्षा, बस्तर संभाग जगदलपुर श्री एच.आर. सोम ने कोंडागांव जिले स्थित पीएमश्री सेजेस माकड़ी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 06 शिक्षक बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जेडी ने संबंधित शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही सभी को शो-कॉज नोटिस जारी कर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसके पश्चात जेडी सोम ने पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय माकड़ी का निरीक्षण किया और विद्यालय प्रार्थना में सहभागिता की। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित उपस्थिति, अर्धवार्षिक परीक्षा की तैयारी और बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया।
जेडी ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को एक-एक कालखंड पढ़ाया और बोर्ड परीक्षा 2025 की समय-सारणी से अवगत कराया। साथ ही उत्तर लेखन की तकनीक, परीक्षा में तनावमुक्त रहने के तरीके और अधिक अंक लाने के उपायों पर मार्गदर्शन दिया।
विद्यार्थियों की उपस्थिति
- पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय माकड़ी में दर्ज 590 विद्यार्थियों में से 493 उपस्थित रहे।
- मिडिल स्कूल स्तर पर दर्ज 53 में से 46 विद्यार्थी उपस्थित पाए गए।
जेडी सोम ने प्राचार्य, प्रधान अध्यापक और अन्य शिक्षकों को विद्यार्थियों की उपस्थिति और ठहराव बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास करने तथा उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने हेतु मार्गदर्शन दिया।
उन्होंने माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों को न्योता भोज से लाभान्वित करने पर भी जोर दिया और ग्राम पंचायत, स्थानीय प्रमुखों व मैदानी अधिकारियों के सहयोग से ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन के निर्देश दिए।
