मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज शाम राजधानी स्थित अखिल भारतीय वनवासी आश्रम परिसर में आयोजित उरांव (सरना) आदिवासी विकास संघ रायपुर के करम पूजा परब 2025 महोत्सव में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर भगवान करम राजा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने भारत माता के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि करम परब हमारी संस्कृति और पूर्वजों की अमूल्य धरोहर है। इसे जीवंत बनाए रखना हमारा नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमारे प्रकृति-प्रेम और पर्यावरणीय चेतना का प्रतीक है, जो समाज को एकता और सहयोग का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री ने सभी को करम परब की हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाई दी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के पदाधिकारी तथा उरांव (सरना) आदिवासी विकास संघ के अनेक सदस्य एवं परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
