महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर और भैयाथान में आयोजित विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठकों में विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी लेते हुए मैदानी स्तर पर कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए।
उन्होंने कहा कि सुशासन का वास्तविक उद्देश्य शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे और विकास कार्यों का सकारात्मक असर आमजन के जीवन में दिखाई दे, इसके लिए निरंतर समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग आवश्यक है।
मंत्री ने अधिकारियों को मैदानी अमले के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी योजना की सफलता केवल उसकी स्वीकृति और क्रियान्वयन तक सीमित नहीं है, बल्कि उसकी वास्तविक सार्थकता तभी है जब उसका लाभ पात्र हितग्राही तक पहुंचे।
सूरजपुर और भैयाथान में आयोजित समीक्षा बैठकों में संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सूरजपुर में विधायक भुलन सिंह मरावी भी बैठक में शामिल हुए।
