रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ जापान और दक्षिण कोरिया के आधिकारिक दौरे पर हैं। इस यात्रा का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश मानचित्र पर स्थापित करना और राज्य में औद्योगिक, तकनीकी और सांस्कृतिक विकास को बढ़ावा देना है।
टोक्यो में आध्यात्मिक और व्यावसायिक कूटनीति का संगम
टोक्यो पहुंचते ही मुख्यमंत्री साय ने ऐतिहासिक असाकुसा मंदिर का दर्शन किया। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की खुशहाली, समृद्धि और सतत प्रगति की कामना की। सीएम साय ने कहा कि यह मंदिर शांति और सामर्थ्य का प्रतीक है, और उसी प्रकार छत्तीसगढ़ भी विकास और समृद्धि की ओर अग्रसर रहे।
इसके बाद मुख्यमंत्री साय और प्रतिनिधिमंडल ने एनटीटी लिमिटेड (NTT Ltd.) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी कायो इतो से मुलाकात की। बैठक में छत्तीसगढ़ में आईटी और डिजिटल निवेश के अवसरों पर चर्चा हुई। एनटीटी लिमिटेड, दुनिया की अग्रणी आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल समाधान कंपनी, 90 अरब अमेरिकी डॉलर के वार्षिक रेवेन्यू के साथ 50 से अधिक देशों में कार्यरत है। मुख्यमंत्री ने राज्य में डिजिटल इकोसिस्टम को मजबूत करने और नवाचार के क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

सांस्कृतिक और व्यापारिक साझेदारी को नई दिशा
जापान में भारत के राजदूत सिबी जॉर्ज द्वारा आयोजित औपचारिक रात्रिभोज में सीएम साय और प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया। इस अवसर पर उद्योग, व्यापार और औद्योगिक सहयोग के माध्यम से इंडो-पैसिफिक देशों के बीच साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जापान की उन्नत तकनीक और भारत की कुशल जनशक्ति के संयोजन से व्यापक औद्योगिक सहयोग और निवेश के नए अवसर उत्पन्न होंगे। उन्होंने छत्तीसगढ़ को जापानी पर्यटकों के लिए आकर्षक पर्यटन गंतव्य बनाने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री साय के साथ मुख्य सचिव अमिताभ जैन, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सचिव रजत कुमार, सचिव राहुल भगत, उद्योग सचिव रजत कुमार, सीएसआईडीसी के एमडी विश्वेश कुमार और मुख्यमंत्री के ओएसडी उमेश अग्रवाल भी इस दौरे में मौजूद रहे।

वर्ल्ड एक्सपो 2025 में छत्तीसगढ़ का फोकस
ओसाका में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो 2025 में छत्तीसगढ़ पवेलियन राज्य की समृद्ध विरासत, नवाचार की संस्कृति और भविष्य-उन्मुख क्षेत्रों को वैश्विक दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत करेगा। पवेलियन में औद्योगिक विकास, नवीकरणीय ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी और सतत विकास जैसे फोकस क्षेत्र शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार यह प्रदर्शनी पूरी दुनिया को छत्तीसगढ़ के परिवर्तन और विकास की झलक दिखाएगी।
विकास और निवेश को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री साय इस दौरे के दौरान इस्पात, खनन, स्वच्छ ऊर्जा और स्टार्टअप्स क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने का प्रयास करेंगे। यह मिशन छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेशकों के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाने और राज्य में आर्थिक विकास के नए अवसर खोलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
टोक्यो, ओसाका और सियोल में आयोजित इस दौरे के माध्यम से छत्तीसगढ़ वैश्विक औद्योगिक और तकनीकी सहयोग के नए मानक स्थापित करने की ओर अग्रसर है।
