रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए नगर निगम की महापौर परिषद (MIC) की बैठक गुरुवार को सम्पन्न हुई। महापौर मीनल चौबे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कुल 38 अहम एजेंडों पर चर्चा हुई, जिसमें नागरिक सुविधाओं, अधोसंरचना, सामाजिक कल्याण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई बड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
सामाजिक सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण को मिला बल
बैठक में पेंशन योजना के अंतर्गत 428 हितग्राहियों के प्रकरणों को स्वीकृति मिली, जिससे सामाजिक सुरक्षा को और सशक्त किया जाएगा। महिला सशक्तिकरण के तहत नरैया तालाब क्षेत्र में ₹4.99 करोड़ की लागत से महिला शांति गृह के निर्माण को हरी झंडी दी गई। इसके अलावा, तीन स्थानों पर वर्किंग वुमन हॉस्टल बनाने का निर्णय लिया गया, जिसकी अनुमानित लागत ₹47.38 करोड़ होगी।
महादेव घाट और छुईयां तालाब का कायाकल्प
धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महादेव घाट के सौंदर्यीकरण के लिए ₹20 करोड़ का बजट स्वीकृत हुआ। साथ ही छुईयां तालाब सौंदर्यीकरण के लिए ₹2.96 करोड़ की निविदा पारित की गई।
अधोसंरचना और यातायात व्यवस्था में सुधार
शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गौरव पथ 2.0 के अंतर्गत पचपेड़ी नाका से CSEB चौक तक सड़क चौड़ीकरण के लिए ₹37.61 करोड़ का प्रस्ताव पास हुआ। 18 प्रमुख चौराहों को विकसित करने और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की योजना बनाई गई।
इसके अलावा, तेलीबांधा में टेक्निकल टावर (₹4 करोड़) और खम्हरडीह में उच्च स्तरीय जलाशय के निर्माण की भी स्वीकृति दी गई।
“Woman for Tree” और स्वच्छता अभियान
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में “Woman for Tree” अभियान को हरी झंडी मिली, जिसके तहत महिला स्व-सहायता समूहों को वृक्षों की देखरेख की जिम्मेदारी दी जाएगी। वायु गुणवत्ता सुधार के लिए 15वें वित्त आयोग से प्राप्त ₹23.16 करोड़ के उपयोग की योजना पर चर्चा हुई। 13 स्थानों पर आकांक्षी शौचालय (10 और 6 सीटर) और मशीनीकृत सड़क सफाई के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
खेल, रोशनी और दिव्यांगजनों के लिए नई पहल
दलदल सिवनी में दिव्यांगजन पार्क बनाने के लिए ₹9.95 करोड़ स्वीकृत। शहीद स्मारक भवन के संचालन व रखरखाव की योजना तैयार की जा रही है। शहर में स्ट्रीट लाइटिंग (₹5 करोड़) और खेल मैदानों में विद्युत सुविधा (₹5.82 करोड़) की योजना को भी हरी झंडी मिली।
नवीन मार्केट और बहुद्देशीय विकास
नवीन मार्केट के समग्र विकास हेतु 4.52 किमी क्षेत्र में बहुउद्देशीय कार्य किए जाएंगे, जिससे स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन मिलेगा और शहरी जीवनशैली को नई ऊंचाई मिलेगी।
महापौर का विज़न: “स्वच्छ, सुंदर और आत्मनिर्भर रायपुर”
महापौर मीनल चौबे ने कहा, “MIC की यह बैठक रायपुर को स्मार्ट, आत्मनिर्भर और नागरिकों के लिए और अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। हम हर वर्ग के लिए योजनाएं बना रहे हैं – चाहे वह महिलाएं हों, बुजुर्ग हों या युवा। हमारा लक्ष्य रायपुर को एक मॉडल सिटी बनाना है।”
