भारतीय टीम को श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज साई सुदर्शन दाएं पैर के अंगूठे में लगी चोट के कारण पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। सुदर्शन को यह चोट भारत ए के श्रीलंका दौरे के दौरान लगी थी।
चोट के बाद से साई सुदर्शन बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। मेडिकल टीम उनकी फिटनेस पर लगातार नजर बनाए हुए है। हालांकि उनकी स्थिति में सुधार हुआ है, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में वापसी के लिए उन्हें अभी पूरी तरह फिट घोषित नहीं किया गया है।
सुदर्शन के बाहर होने से भारतीय टीम के बल्लेबाजी क्रम पर असर पड़ सकता है। उनकी अनुपस्थिति में देवदत्त पडिक्कल को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी का मौका मिल सकता है। पडिक्कल ने अभ्यास मैच में शतक लगाकर अपनी दावेदारी भी मजबूत की है।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले साई सुदर्शन का बाहर होना भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। अब टीम प्रबंधन की नजर उनकी जल्द से जल्द फिटनेस हासिल करने और आगामी मुकाबलों में वापसी पर रहेगी।
