राजधानी रायपुर में आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनूठी मिसाल पेश की। करीब 2500 लोगों के खानपान, दर्जनों फूड स्टॉलों, पेयजल और सजावट की व्यापक व्यवस्था के बावजूद पूरे आयोजन में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं किया गया। भोजन परोसने के लिए बांस से बनी प्लेटों और लकड़ी के चम्मचों का उपयोग किया गया, वहीं पानी के लिए भी प्लास्टिक की बोतलों और पाउच के स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था अपनाई गई।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा आयोजित इस महोत्सव का आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में किया गया। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रदेशभर से लगभग 2500 पथ विक्रेताओं और उनके परिजनों ने हिस्सा लिया।
खानपान में अपनाया प्लास्टिक मुक्त विकल्प
महोत्सव में भोजन व्यवस्था को पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। फूड स्टॉलों पर प्लास्टिक की डिस्पोजेबल प्लेटों के बजाय बांस की प्लेटों और प्लास्टिक के चम्मचों की जगह लकड़ी के चम्मचों का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा प्लास्टिक के कप और गिलास भी उपयोग में नहीं लाए गए।
करीब 2500 लोगों के भोजन के लिए टेबल और बेंच की व्यवस्था की गई थी। लोगों को बांस की थालियों में भोजन और कागज के गिलास में पानी परोसा गया। इस पहल के जरिए यह संदेश दिया गया कि बड़े आयोजनों में भी प्लास्टिक के बिना खानपान की व्यवस्था आसानी से की जा सकती है।
सजावट से लेकर सूचना पट्टों तक पर्यावरण संरक्षण पर जोर
आयोजन को जीरो वेस्ट बनाने के लिए केवल खानपान में ही बदलाव नहीं किया गया, बल्कि कार्यक्रम स्थल की सजावट और सूचना पट्टों में भी दोबारा इस्तेमाल की जा सकने वाली सामग्री का उपयोग किया गया। आवश्यकता के अनुसार जैव निम्नीकरणीय और कम्पोस्ट योग्य सामग्री को प्राथमिकता दी गई।
गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग संग्रहण
महोत्सव के दौरान निकलने वाले कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया गया। गीले, सूखे और अन्य अस्वीकृत अपशिष्ट को उत्पन्न होने के स्थान पर ही अलग-अलग एकत्र करने की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कचरे के उचित संग्रहण और निस्तारण के इंतजाम किए गए। इसके साथ ही अपशिष्ट की मात्रा कम रखने, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण को भी प्राथमिकता दी गई।
पथ विक्रेताओं के आर्थिक और डिजिटल सशक्तिकरण पर जोर
पीएम स्वनिधि महोत्सव का उद्देश्य केवल पथ विक्रेताओं की उद्यमशीलता का सम्मान करना नहीं था, बल्कि उन्हें आर्थिक एवं डिजिटल रूप से सशक्त बनाना और शहरी अर्थव्यवस्था में उनके योगदान को रेखांकित करना भी था।
रायपुर में आयोजित इस महोत्सव ने यह उदाहरण प्रस्तुत किया कि बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों में हजारों लोगों की भागीदारी के बावजूद पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले सिंगल यूज प्लास्टिक से बचा जा सकता है। आर्थिक सशक्तिकरण के साथ पर्यावरण संरक्षण का यह प्रयास भविष्य में अन्य आयोजनों के लिए भी प्रेरणादायक बन सकता है।
