West Bengal New Chief Minister Suvendu Adhikari : कोलकाता। पश्चिम बंगाल में 15 साल बाद सत्ता परिवर्तन हो गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में उन्होंने पद और गोपनीयता की शपथ ली। उनके साथ 5 अन्य नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।
पीएम मोदी और अमित शाह की मौजूदगी
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और कई अन्य प्रमुख नेता शामिल हुए। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में पहुंचे।
रवींद्रनाथ टैगोर को दी श्रद्धांजलि
समारोह की शुरुआत गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर को श्रद्धांजलि अर्पित करके की गई। पीएम मोदी और शुभेंदु अधिकारी ने टैगोर की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए। 9 मई को शपथ ग्रहण का दिन इसलिए चुना गया क्योंकि यह टैगोर की जयंती भी है।
कौन-कौन बने मंत्री?
शुभेंदु अधिकारी के बाद दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निसिथ प्रमाणिक ने मंत्री पद की शपथ ली। नई सरकार में ब्राह्मण, महिला, आदिवासी और मातुआ समुदाय को प्रतिनिधित्व दिया गया है।
शुभेंदु अधिकारी का राजनीतिक सफर
शुभेंदु अधिकारी पूर्वी मेदिनीपुर के राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके पिता शिशिर अधिकारी बंगाल की राजनीति में कद्दावर नेता रहे हैं। शुभेंदु ने राजनीतिक सफर की शुरुआत कांग्रेस से की, फिर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए और बाद में भाजपा में आए। हाल के चुनाव में उन्होंने भवानीपुर में ममता बनर्जी को 15 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था।
बीजेपी का ऐतिहासिक जीत
भाजपा ने 293 सीटों वाली विधानसभा में 207 सीटें जीतकर इतिहास रचा है। तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। यह जीत ममता बनर्जी के 15 साल लंबे शासन का अंत करती है और बंगाल में भाजपा युग की शुरुआत करती है।
नई सरकार की चुनौतियां
नई सरकार के सामने विकास, कानून व्यवस्था और सुशासन जैसे कई मुद्दे हैं। शुभेंदु अधिकारी की सरकार राज्य में नई सकारात्मक दिशा देने की कोशिश करेगी। शपथ ग्रहण समारोह के साथ बंगाल की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू हो गया है।
