Under-19 World Cup IND vs ZIM: बुलावायो। आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर सिक्स मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 204 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। यह मुकाबला बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया, जहां भारत की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ने विपक्षी टीम को पूरी तरह बेबस कर दिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 352 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत की इस मजबूत पारी के हीरो रहे विहान मल्होत्रा, जिन्होंने बेहतरीन शतक जड़ा। विहान ने 107 गेंदों में 109 रन बनाए, जिसमें सात शानदार चौके शामिल रहे।
उनका बखूबी साथ दिया वैभव सूर्यवंशी ने, जिन्होंने सिर्फ 30 गेंदों में तूफानी 52 रन ठोके। वैभव की पारी में चार चौके और चार छक्के देखने को मिले। विकेटकीपर बल्लेबाज अभित्रान कुंडू ने भी अहम योगदान दिया और 62 गेंदों में 61 रन बनाए। कुंडू और विहान के बीच पांचवें विकेट के लिए 113 रनों की मजबूत साझेदारी हुई, जिसने भारत की पारी को मजबूती दी।

इसके अलावा एरोन जॉर्ज ने 23 रन, कप्तान आयुष म्हात्रे और आर अंबरीश ने 21-21 रन बनाए। वेदांत त्रिवेदी ने 15 रन जोड़े, जबकि खिलन पटेल ने महज 12 गेंदों में 30 रनों की तेज पारी खेलकर भारत को 350 के पार पहुंचाया।
353 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 37.4 ओवर में सिर्फ 148 रनों पर सिमट गई। जिम्बाब्वे की ओर से टाटेंडा चिमुगोरो ने गेंदबाजी में तीन विकेट लिए, जबकि पनाशे मजाई और सिम्बाराशे मुडजेंगेरे को दो-दो सफलताएं मिलीं। भारत की तरफ से गेंदबाजों ने सामूहिक प्रदर्शन करते हुए विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह ढहा दिया।
