नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान एक बार फिर शुभमन गिल को सौंपी गई है, जबकि केएल राहुल उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की टीम में वापसी हुई है, हालांकि उनका अंतिम चयन फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा। वहीं ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं होने के कारण टीम का हिस्सा नहीं हैं।
सारांश जैन को पहली बार मिला टेस्ट टीम में मौका
इस दौरे की सबसे बड़ी चर्चा मध्य प्रदेश के अनुभवी ऑलराउंडर सारांश जैन का चयन है। 33 वर्षीय खिलाड़ी को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन और हाल ही में इंडिया-ए के श्रीलंका दौरे पर बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के बाद उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है।
इंडिया-ए दौरे पर किया था शानदार प्रदर्शन
दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर और बाएं हाथ के बल्लेबाज सारांश जैन ने श्रीलंका-ए के खिलाफ दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में गेंद और बल्ले दोनों से प्रभाव छोड़ा था। उन्होंने दोनों पारियों में कुल छह विकेट लेने के साथ नाबाद 70 रन की अहम पारी खेली थी, जिसकी बदौलत भारत-ए ने मुकाबला जीतकर सीरीज अपने नाम की थी। श्रीलंका की परिस्थितियों में उनके हालिया अनुभव को चयन का बड़ा कारण माना जा रहा है।
स्पिन आक्रमण पर रहेगा खास फोकस
श्रीलंका की स्पिन मददगार पिचों को देखते हुए भारतीय टीम ने स्पिन विभाग को मजबूत रखा है। अनुभवी रवींद्र जडेजा की वापसी के साथ कुलदीप यादव, मानव सुथार और सारांश जैन को भी टीम में शामिल किया गया है। वहीं तेज गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ पर जिम्मेदारी रहेगी।
7 अगस्त से शुरू होगी तैयारी
भारतीय टीम 4 अगस्त को श्रीलंका रवाना होगी। इसके बाद 7 अगस्त से कोलंबो में चार दिवसीय अभ्यास मैच खेला जाएगा, जिससे खिलाड़ी टेस्ट सीरीज की तैयारी को अंतिम रूप देंगे। पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल में और दूसरा मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा।
श्रीलंका दौरे के लिए भारत की टेस्ट टीम
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरैल, देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, सारांश जैन, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़।
