रायपुर। महादेव घाट पर सीढ़ियों पर कब्जा कर रखे पाटों को हटाने के लिए शुक्रवार को नगर निगम ने पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों ने पूजा-पाठ और धर्म के नाम पर घाट की सीढ़ियों पर पाटे लगाकर कब्जा कर लिया था, जिससे आम नागरिकों और नाविकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
बताया जा रहा है कि करणी सेना संगठन के सदस्यों ने गंगा आरती के लिए सीढ़ियों पर स्थायी रूप से पाटे लगा दिए थे। हालांकि, नाव चलाने वाले स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया था और बार-बार आग्रह करने के बावजूद पाटे नहीं हटाए गए। इससे नाविकों को घाट पर नाव लगाने और यात्रियों को चढ़ाने-उतारने में कठिनाई हो रही थी।

शिकायत मिलने के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस बल के सहयोग से सभी पाटों को हटाकर जब्ती की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि धार्मिक आयोजन करने की अनुमति है, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर स्थायी कब्जा करना गलत है और इस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि महादेव घाट पर हर शाम करणी सेना द्वारा गंगा आरती की जाती थी, जो पहले सीढ़ियों पर ही होती थी। बाद में पाटे लगाकर जगह कब्जा कर ली गई थी, जिससे घाट पर घूमने आने वाले लोगों और नाव से सैर करने वालों को असुविधा हो रही थी।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी यदि इस प्रकार का अतिक्रमण होता है तो सख्त कदम उठाए जाएंगे ताकि सार्वजनिक सुविधाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए।
