रायपुर। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में एम्स अस्पताल के सामने एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मामला प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय गुलाबरंग बाठी, निवासी मोहबा बाजार के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने एक युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कार में बैठकर जाने लगी युवती, रोकने की कोशिश में छत पर चढ़ा युवक
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान एक युवती कार से मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान मृतक युवक और युवती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद युवती कार में बैठकर वहां से जाने लगी। युवक ने कार को रोकने की कोशिश की और इसी दौरान वह कार की छत पर चढ़ गया।
ब्रेक लगते ही सड़क पर गिरा युवक
जानकारी के अनुसार युवक कुछ दूरी तक चलती कार की छत पर चढ़ा रहा और कार को रोकने का प्रयास करता रहा। इसके बाद चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे युवक सड़क पर गिर गया। सड़क पर गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद कार सवार युवक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने युवती को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही आमानाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार में मौजूद युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, घटना के पीछे प्रेम प्रसंग और विवाद की वजह क्या थी, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस फरार युवक की तलाश में जुटी है।
जांच के बाद सामने आएगा मौत का पूरा सच
पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौके की परिस्थितियों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक कार की छत पर क्यों चढ़ा और ब्रेक लगाने के बाद हुई घटना की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही मौत की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।
