मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार, परिश्रम और सेवा भावना को सही दिशा देकर समाज और राष्ट्र में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है। मुख्यमंत्री पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के राज्य स्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों से ‘सेवा संकल्प अभियान’ में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे अभियानों को जनआंदोलन बनाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
पुलिस और बिजली कंपनियों में हजारों पदों पर भर्ती
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार, शासकीय सेवा, स्टार्टअप, खेल और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में अवसर बढ़ाने पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में करीब 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है। वहीं बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में 430 लैब अटेंडेंट को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं।
स्थानीय युवाओं को रोजगार देने पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में स्थानीय युवाओं के रोजगार को प्राथमिकता दी गई है। उनके अनुसार पिछले डेढ़ वर्षों में छत्तीसगढ़ को 8.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। वहीं नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश में 5 हजार स्टार्टअप को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है।
6 लाख विद्यार्थियों को AI प्रशिक्षण का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री एआई मिशन के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अंतर्गत प्रदेश के 6 लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में युवाओं को तैयार करना भविष्य की जरूरत है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नालंदा परिसर
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं की सुविधा के लिए प्रदेश में नालंदा परिसरों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से सरकारी नौकरी के साथ-साथ उद्यमिता और रोजगार सृजन की दिशा में भी आगे बढ़ने का आह्वान किया।
युवा नौकरी लेने वाले नहीं, रोजगार देने वाले भी बनें
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि युवा केवल नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बनें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और प्रदेश के युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, परिश्रम, नवाचार तथा सेवा भावना इस विकास यात्रा की बड़ी ताकत बनेगी।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को सम्मानित भी किया।
