रायपुर, 17 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए बड़े सपने देखना, मजबूत संकल्प रखना और लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर निरंतर मेहनत करना जरूरी है। कठिन परिस्थितियां और संसाधनों की कमी कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं, बशर्ते व्यक्ति के भीतर लक्ष्य प्राप्त करने का दृढ़ विश्वास और जुनून हो। उन्होंने विद्यार्थियों को असफलताओं से सीख लेते हुए अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी मंगलवार को बिलासपुर जिले के तखतपुर स्थित रामसदन में आयोजित शिलान्यास एवं भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने लगभग 4 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 250 सीटर नालंदा परिसर का शिलान्यास किया। इसका निर्माण शहर के जीएमपी स्कूल के समीप किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने 1 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से परमेश्वरी तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन भी किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह ने की।
गांव के सरकारी स्कूल से आईएएस बनने तक का सफर साझा कर बढ़ाया विद्यार्थियों का हौसला
कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने विद्यार्थियों के साथ अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि उनकी शुरुआती पढ़ाई रायगढ़ जिले के एक गांव के सरकारी स्कूल में हुई थी। उस समय स्कूल में शिक्षकों की कमी थी और पढ़ाई के लिए जरूरी संसाधन भी उपलब्ध नहीं थे। 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद जब वे भिलाई पहुंचे, तो सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए किताबें जुटाना भी उनके सामने बड़ी चुनौती थी। कई महत्वपूर्ण किताबों की तलाश में उन्हें दिल्ली तक जाना पड़ा, लेकिन उन्होंने कठिन परिस्थितियों के आगे कभी हार नहीं मानी।
उन्होंने मसूरी स्थित प्रशासनिक प्रशिक्षण अकादमी से जुड़ा एक प्रसंग साझा करते हुए बताया कि एक बार वे अकादमी देखने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें अंदर प्रवेश नहीं मिल सका। उसी समय उन्होंने संकल्प लिया कि अब वे इस अकादमी में आईएएस अधिकारी बनकर ही प्रवेश करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपने सपनों को कभी छोटा न रखें। मजबूत इच्छाशक्ति, सही दिशा और निरंतर मेहनत से कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है।
22 स्थानों पर विकसित हो रहे नालंदा परिसर, युवाओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
वित्त मंत्री ने कहा कि पढ़ाई के दौरान उन्होंने स्वयं किताबों और बेहतर अध्ययन सुविधाओं की कमी महसूस की थी। इसी अनुभव से युवाओं के लिए आधुनिक पुस्तकालय और अध्ययन केंद्र विकसित करने की प्रेरणा मिली। रायपुर कलेक्टर रहते हुए उन्होंने लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण कराया था, जहां वर्तमान में करीब तीन हजार युवा अध्ययन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और पुस्तकालयों में निवेश किसी भी समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। तखतपुर में बनने वाला नालंदा परिसर भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को बेहतर वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश के 22 स्थानों पर नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं। तखतपुर में इस परियोजना की स्वीकृति के लिए विधायक धरमजीत सिंह ने लगातार प्रयास किए। उप मुख्यमंत्री अरुण साव के विभाग से प्रस्ताव आगे बढ़ने के बाद परियोजना को मंजूरी मिली। वित्त मंत्री ने विश्वास जताया कि अगले एक से डेढ़ वर्ष में परिसर का निर्माण पूरा हो जाएगा, जिससे तखतपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
करियर मार्गदर्शन के लिए तखतपुर को मिलेंगी एक हजार पुस्तकें
विद्यार्थियों को करियर संबंधी मार्गदर्शन देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि दसवीं और बारहवीं कक्षा से ही अपने भविष्य को लेकर स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर का चयन कर यह समझना चाहिए कि संबंधित क्षेत्र में जाने के लिए कौन-सी परीक्षाएं देनी होंगी और उनकी तैयारी कैसे करनी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के शिक्षण संस्थानों, उच्च शिक्षा और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के अवसरों की जानकारी दी। साथ ही स्कूलों में करियर काउंसिलिंग की आवश्यकता पर जोर देते हुए तखतपुर के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, पाठ्यक्रमों और करियर विकल्पों से संबंधित एक हजार पुस्तकें उपलब्ध कराने की घोषणा की।
शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क सुविधाओं से बदलेगी तखतपुर की तस्वीर
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक धरमजीत सिंह ने नालंदा परिसर की सौगात को क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार जताया।
विधायक ने बताया कि क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, बिजली और शिक्षा सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने लगभग 47 करोड़ रुपये की लागत से 50 बिस्तरों वाले अस्पताल की स्वीकृति, विद्युत उपकेंद्रों और उद्यानिकी महाविद्यालय सहित विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख किया।
किसानों के लिए सिंचाई परियोजनाओं को जल्द मंजूरी दिलाने का भरोसा
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नर्मदा व्यपवर्तन योजना सहित दो सिंचाई परियोजनाओं को जल्द स्वीकृति दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने किसानों से धान विक्रय के दौरान कोचियों और दलालों के बहकावे में नहीं आने की अपील की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी उपज का उचित लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित प्रावधानों के अनुसार पूरी आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा।
सही जवाब देने वाले छात्र आयुष जांगड़े को मिला एक हजार रुपये का पुरस्कार
कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद किया और सिविल सेवा तथा सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे। सही जवाब देने वाले छात्र आयुष जांगड़े को उन्होंने एक हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने, जिज्ञासु बने रहने और लगातार अपने ज्ञान में वृद्धि करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष पूजा मक्कड़, जिला पंचायत उपाध्यक्ष ललिता कश्यप, जनपद पंचायत अध्यक्ष माधवी वस्त्रकार, कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
