ठाणे जिले में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई, जब बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित मूल ‘वंदे मातरम’ के बजाय लता मंगेशकर की आवाज में रिकॉर्ड किया गया ‘वंदे मातरम’ गीत बजा दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोग करीब चार मिनट तक खड़े रहे।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने इस गलती पर माफी मांगते हुए कहा कि राष्ट्रगीत और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों में ऐसी चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आयोजनों के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत पर जोर दिया।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब ‘वंदे मातरम’ को लेकर राजनीतिक बहस भी तेज है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत का कथित तौर पर अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि 15 अगस्त को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम’ का पूरा संस्करण गाए जाने पर सोनिया गांधी ने आपत्ति जताई थी और गीत रोकने को कहा था।
अमित शाह ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में एक रैली के दौरान कांग्रेस से इस मामले में देश से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम’ भारत के स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रतीक रहा है।
