IPL 2026 : मुंबई/बेंगलुरु। बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 के प्लेऑफ और फाइनल का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। लेकिन इस घोषणा के साथ एक बड़ा विवाद भी खड़ा हो गया है। बीसीसीआई ने फाइनल की मेजबानी बेंगलुरु से वापस ले ली है और इसे अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम को सौंप दिया है। खिताबी मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा।
बदलाव का क्या है कारण?
नियमों के अनुसार फाइनल आमतौर पर डिफेंडिंग चैंपियन के घरेलू मैदान पर होता है, जिसके चलते बेंगलुरु को प्रबल दावेदार माना जा रहा था। लेकिन बीसीसीआई ने स्पष्ट किया कि स्थानीय संघ और प्रशासन की कुछ मांगें बोर्ड के प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर थीं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इसे टिकट विवाद से भी जोड़ा जा रहा है।
प्लेऑफ का पूरा शेड्यूल
इस बार प्लेऑफ मुकाबले तीन अलग-अलग शहरों में खेले जाएंगे:
- क्वालीफायर-1 (26 मई): हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, धर्मशाला। शीर्ष दो टीमें आमने-सामने होंगी।
- एलिमिनेटर (27 मई): न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़)। तीसरे और चौथे स्थान की टीमें भिड़ेंगी।
- क्वालीफायर-2 (29 मई): मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़)। क्वालीफायर-1 की हारने वाली टीम और एलिमिनेटर की विजेता के बीच मुकाबला होगा।
- फाइनल (31 मई): नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद। सीजन का महामुकाबला दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
फैंस में मचा विवाद
बेंगलुरु से फाइनल की मेजबानी छिनने के फैसले पर फैंस और स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों में नाराजगी है। बीसीसीआई के इस आखिरी वक्त के बदलाव ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि यह फैसला IPL 2026 के शेड्यूल को कितना प्रभावित करता है।
