रायपुर, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी से भारतीय रिज़र्व बैंक, रायपुर कार्यालय के महाप्रबंधक श्री मनीष पराशर ने उनके रायपुर स्थित निवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं के विस्तार, मुद्रा प्रबंधन और भारतीय रिज़र्व बैंक से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
बैठक में वर्तमान में नागपुर से होने वाले करेंसी डिस्ट्रीब्यूशन को नवा रायपुर में स्थापित करने की दिशा में चल रही पहल पर विशेष रूप से चर्चा की गई। नवा रायपुर में करेंसी डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर स्थापित होने से राज्य में मुद्रा प्रबंधन और बैंकिंग सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
महाप्रबंधक श्री पराशर ने राज्य में बैंकिंग सेवाओं और मुद्रा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी वित्त मंत्री को दी। उन्होंने रायपुर स्थित आरबीआई कार्यालय में शुरू की गई खराब एवं अनुपयोगी नोटों के स्थानीय प्रसंस्करण व्यवस्था के बारे में भी बताया। इस सुविधा से प्रचलन से वापस प्राप्त खराब नोटों का प्रसंस्करण स्थानीय स्तर पर किया जा सकेगा।
मुलाकात के दौरान भारतीय रिज़र्व बैंक की प्रस्तावित नवीन आवासीय परियोजना सहित अन्य विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने राज्य में बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आरबीआई और राज्य शासन के बीच निरंतर सहयोग एवं बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर श्री प्रदीप गोंधुले, श्री अमरेन्द्र गुप्ता एवं श्री अमितेश सिंह उपस्थित रहे।
