रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। युवाओं को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप अवसर देकर राष्ट्र निर्माण से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने यह बात मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक में कही।
मुख्यमंत्री ने माय भारत की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को इस मंच से जोड़ने और विभिन्न विभागों की गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘सशक्त युवा-सशक्त छत्तीसगढ़’ की भावना के अनुरूप ग्राम से राज्य स्तर तक मजबूत युवा नेटवर्क विकसित करने पर जोर दिया।
स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन, कौशल विकास, कृषि, तकनीकी शिक्षा, आपदा प्रबंधन और सामाजिक कल्याण जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को सेवा, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव के अवसर मिलेंगे।
बैठक में बताया गया कि देशभर में 2.65 करोड़ से अधिक युवा माय भारत प्लेटफॉर्म से पंजीकृत हैं, जबकि छत्तीसगढ़ में 6.60 लाख से अधिक युवा इससे जुड़ चुके हैं। माय भारत को युवाओं और सरकार के बीच सिंगल विंडो डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां स्वयंसेवा, कौशल, अनुभव आधारित शिक्षण, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जुड़े अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं।
देशभर में 24 हजार 900 से अधिक अनुभव आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से 1.21 लाख युवाओं को शासन की विभिन्न गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिला है। छत्तीसगढ़ में 233 ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से 2,389 से अधिक युवा जुड़े हैं। इसी तरह राज्य में 5,778 वालंटियर अवसरों के माध्यम से 23,900 से अधिक युवाओं ने विभिन्न सेवा गतिविधियों में भाग लिया है।
मुख्यमंत्री ने ‘विकसित छत्तीसगढ़ यंग लीडर्स डायलॉग’ आयोजित करने पर भी जोर दिया। इसके माध्यम से खेल, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, पर्यटन, कृषि, आपदा प्रबंधन और समाज कल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं को नेतृत्व के अवसर देने की योजना है।
बस्तर के युवाओं को माय भारत से जोड़ने पर विशेष जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा बन रही है। ऐसे समय में युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना महत्वपूर्ण है। उन्होंने बस्तर के युवाओं की प्रतिभा और सामर्थ्य को उचित अवसर देकर उन्हें छत्तीसगढ़ और देश के विकास का सक्रिय भागीदार बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, मुख्य सचिव श्री विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा माय भारत के राज्य एवं जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान माय भारत की वालंटियर अदिति द्वारा तैयार ट्राइबल आर्ट का छायाचित्र मुख्यमंत्री को भेंट किया गया, जिसकी उन्होंने सराहना की।
