Durg में आईपीएल सीजन के दौरान चल रहे ऑनलाइन सट्टा कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दुर्ग पुलिस ने हैदराबाद से संचालित किए जा रहे ऑनलाइन IPL सट्टा सिंडिकेट का खुलासा करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपी भिलाई के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हैदराबाद से चल रहा था पूरा पैनल
पुलिस के अनुसार आरोपी हैदराबाद में बैठकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का पैनल ऑपरेट कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 लैपटॉप, 46 मोबाइल फोन और 2 लाख 57 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। वहीं कुल जब्त सामग्री की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
बैंक खाते और सिम खरीदकर चल रहा था नेटवर्क
मामले का खुलासा तब हुआ जब छावनी थाना और एसीसीयू टीम ने जावेद अख्तर और आभास जायसवाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे स्लम एरिया के लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे और नए सिम कार्ड खरीदवाकर बैंक पासबुक, एटीएम और चेकबुक को 25 हजार रुपये प्रति अकाउंट के हिसाब से बेचते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि इन खातों और सिम कार्ड का उपयोग ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे में रकम के लेनदेन और ट्रांजेक्शन के लिए किया जाता था।
‘sat sport’ बुक से जुड़ा था पूरा खेल
पूछताछ में यह भी सामने आया कि कुणाल वर्मा नामक आरोपी स्वयं “sat sport” बुक चलाता था और हैदराबाद के अलग-अलग इलाकों में भिलाई के युवकों को ले जाकर ऑनलाइन IPL सट्टा संचालित करवाता था।
5 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन की जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विक्की साहू, अभिषेक भारती, गुरफान खान, राजकुमार पासवान, तुकेश्वर साहू, जेद खान, के श्रीनू, शेख सद्दाम, विकास राय, विकास निषाद, रोहित चौहान, कुणाल वर्मा और प्रतीक पटेल को गिरफ्तार किया है।
जांच में विभिन्न बैंक खातों में करीब 5 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन का पता चला है। पुलिस अब म्यूल अकाउंट और आरोपियों की संपत्ति की जांच कर रही है। मामले में संगठित अपराध की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
