दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में पंजाब बार के बाहर देर रात हुए खूनी संघर्ष ने सनसनी फैला दी। मामूली विवाद के बाद नशे में धुत दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई, जो देखते ही देखते जानलेवा हमले में बदल गई। हमलावरों ने एक युवक के गले पर बीयर की बोतल फोड़कर घुसा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि पूरी घटना देर रात पंजाब बार के बाहर हुई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक दो चचेरे भाइयों के साथ बेरहमी से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। मारपीट के दौरान एक युवक के जमीन पर गिरने के बाद भी हमलावरों ने उस पर पत्थर से हमला किया।
घायलों की पहचान ज्ञानेश्वर साहू और उनके चचेरे भाई आशीष साहू के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक दोनों युवक शराब पीने पंजाब बार गए थे। बार से बाहर निकलते ही अज्ञात आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक युवक की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
मामले में सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि सुपेला थाना क्षेत्र में पंजाब बार के बाहर मारपीट और जानलेवा हमले की घटना सामने आई है। पीड़ितों की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
