बस्तर अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए जगदलपुर में अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की शुरुआत की गई है। एनएमडीसी के वित्तीय सहयोग से शुरू हुए इस अस्पताल का उद्घाटन सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में वर्चुअल माध्यम से किया।
एनएमडीसी मुख्यालय हैदराबाद द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह अस्पताल प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ शासन द्वारा विकसित किया गया है। अस्पताल के संचालन एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी एक प्रतिष्ठित निजी स्वास्थ्य सेवा संस्था को सौंपी गई है, जबकि प्रारंभिक संचालन व्यय एनएमडीसी द्वारा वहन किया जा रहा है।
यह सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बस्तर क्षेत्र के वंचित एवं जरूरतमंद समुदायों को निःशुल्क उपचार सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। एनएमडीसी ने कहा कि बस्तर के लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना कंपनी की सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है और यह परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
अस्पताल के संचालन और स्वास्थ्य सेवाओं को विकसित करने के लिए एनएमडीसी ने 25 करोड़ रुपए का वित्तीय सहयोग प्रदान किया है। कंपनी ने अगले पांच वर्षों तक लगातार आर्थिक सहायता देने की प्रतिबद्धता भी जताई है, जिससे अस्पताल आत्मनिर्भर स्वास्थ्य सेवा प्रणाली के रूप में विकसित हो सके।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि एनएमडीसी लंबे समय से बस्तर क्षेत्र में सामाजिक अधोसंरचना, विशेषकर स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में निवेश करता रहा है। इस नई स्वास्थ्य सुविधा से क्षेत्र के लोगों को अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों पर कम निर्भर रहना पड़ेगा।
