छत्तीसगढ़ में राजधानी रायपुर के बाद अब दुर्ग और बिलासपुर में भी पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू किए जाने की तैयारी तेज हो सकती है। इसे लेकर प्रदेश के गृह मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का बड़ा बयान सामने आया है।
रायपुर में डायल 112 के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश में पुलिस कमिश्नर प्रणाली की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। कई छोटे-छोटे मामलों में विभिन्न विभागों के कारण कार्य लंबित हो जाया करते थे, जिससे प्रशासनिक प्रक्रियाओं में देरी होती थी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में रायपुर में कमिश्नर प्रणाली लागू है और आवश्यकता के अनुसार इसका विस्तार किया जाना चाहिए। गृह मंत्री ने बताया कि वे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से दुर्ग और बिलासपुर में भी पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम प्रारंभ करने का आग्रह करेंगे।
गौरतलब है कि पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने से कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में निर्णय प्रक्रिया तेज होती है और पुलिस प्रशासन को अधिक अधिकार मिलते हैं। इससे शहरी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को मजबूत करने में मदद मिलती है।
