शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘कॉकटेल 2’ ने सिनेमाघरों में शानदार शुरुआत की है। लंबे समय से चर्चा में रही इस फिल्म को रिलीज के पहले दिन दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला, जिसका असर बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर भी साफ दिखाई दिया।
19 जून को रिलीज हुई ‘कॉकटेल 2’ ने पहले ही दिन डबल डिजिट में कमाई करते हुए मजबूत ओपनिंग दर्ज की। फिल्म के ट्रेलर, गानों और स्टारकास्ट को लेकर पहले से ही दर्शकों में उत्साह था, जिसका फायदा रिलीज के दिन देखने को मिला।
पहले दिन हुई शानदार कमाई
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 13.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। वहीं भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 16.20 करोड़ रुपये रहा। विदेशी बाजारों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला, जहां इसने करीब 4 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन दर्ज किया।
इसके साथ ही ‘कॉकटेल 2’ का पहले दिन का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 20.20 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
इन फिल्मों से था मुकाबला
बॉक्स ऑफिस पर ‘कॉकटेल 2’ का मुकाबला ‘मैं वापस आऊंगा’, ‘गवर्नर’ और ‘भारत भाग्य विधाता’ जैसी फिल्मों से रहा। हालांकि प्रतिस्पर्धा के बावजूद शाहिद कपूर की फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रही और मजबूत ओपनिंग हासिल की।
पहली ‘कॉकटेल’ का रिकॉर्ड टूटा
साल 2012 में रिलीज हुई फिल्म ‘कॉकटेल’ ने अपने पहले दिन 10.95 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। वहीं ‘कॉकटेल 2’ ने 13.50 करोड़ रुपये की कमाई के साथ उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। इससे साफ है कि फिल्म को नई पीढ़ी के दर्शकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है।
अब सभी की नजरें वीकेंड कलेक्शन पर टिकी हैं। यदि फिल्म को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती रही तो आने वाले दिनों में इसकी कमाई में और तेजी देखने को मिल सकती है।
