CM Vijay Oath Ceremony Speech : चेन्नई। तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री थलपति विजय (जोसेफ विजय चंद्रशेखर) के शपथ ग्रहण समारोह में एक अनोखा क्षण देखने को मिला। शपथ लेते समय विजय भावुक हो गए और निर्धारित प्रक्रिया के बीच में ही भाषण देने लगे, जिसे राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने सौम्यता से बीच में रोक दिया।
क्या हुआ था शपथ ग्रहण के दौरान?
मंच पर राज्यपाल द्वारा शपथ की पहली पंक्ति पढ़े जाने के बाद विजय ने अपना नाम बोलते हुए अचानक जनता को संबोधित करना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि यह जीत उनकी नहीं, बल्कि पूरे तमिलनाडु की जीत है। उनके भावुक अंदाज और जोश भरे शब्दों पर पूरा स्टेडियम तालियों और नारों से गूंज उठा। विजय का यह स्वाभाविक और फिल्मी स्टाइल वाला अंदाज देखकर समर्थक और ज्यादा उत्साहित हो गए।
राज्यपाल का सौम्य हस्तक्षेप
संवैधानिक प्रक्रिया और मर्यादा को बनाए रखने के लिए राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने विजय को बीच में ही रोक दिया। उन्होंने बहुत शांत और सम्मानजनक तरीके से विजय को याद दिलाया कि पहले गोपनीयता की शपथ पूरी करनी है। राज्यपाल के टोकने के बाद विजय ने खुद को संभाला और पूरी गंभीरता के साथ शपथ ग्रहण की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की।
राहुल गांधी और तृषा भी बनीं गवाह
इस ऐतिहासिक समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बॉलीवुड-तमिल फिल्म अभिनेत्री तृषा कृष्णन भी मौजूद रहीं। समारोह में विजय ने राज्यपाल का अभिवादन किया और अपने सभी मनोनीत मंत्रियों का परिचय भी कराया।
एमजीआर की याद दिलाया विजय का अंदाज
विजय का यह भावुक और जनता से सीधे जुड़ने वाला अंदाज कई लोगों को पूर्व मुख्यमंत्री एमजी रामचंद्रन की याद दिला गया। एमजीआर भी फिल्मी पर्दे से निकलकर राजनीति में आए थे और लोगों के दिलों पर राज करते थे। विजय का यह स्वाभाविक अंदाज उनकी लोकप्रियता का प्रमाण है।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद थलपति विजय ने कहा कि वे राज्य की जनता को धोखा नहीं देंगे और पारदर्शी सरकार चलाएंगे। अब देखना होगा कि नई TVK सरकार अपने वादों को कितनी तेजी से पूरा करती है।
