मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मनाया 61वां जन्मदिन, परिवार और समर्थकों के साथ किया जश्न
जशपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को अपने 61वें जन्मदिन का जश्न अपने गृहग्राम बगिया में धूमधाम से मनाया। इस खास अवसर पर वे अपने गृहनिवास श्रीराम सदन पहुंचे, जहां उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय ने उन्हें माल्यार्पण कर शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिन की शुरुआत अपनी माता जसमनी देवी का आशीर्वाद लेकर की। इसके बाद परिवार के साथ सत्यनारायण भगवान की कथा का आयोजन किया गया। पूजा-अर्चना के पश्चात उन्होंने केक काटकर परिवारजनों के साथ खुशी के पल साझा किए।
मुख्यमंत्री साय को शुभकामनाएं देने के लिए प्रदेशभर से उनके समर्थक और शुभचिंतक बगिया पहुंचे। देश के प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी उन्हें बधाई संदेश भेजे। इस प्यार और समर्थन से अभिभूत होकर मुख्यमंत्री ने सभी का आभार व्यक्त किया और कहा, “आप सभी के प्रेम और आशीर्वाद से ही मुझे छत्तीसगढ़ की सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। इस विशेष दिन पर आप सभी का साथ पाकर मैं बेहद भावुक और कृतज्ञ हूं।”

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश में हो रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों पर भी बात की। उन्होंने बताया कि भाजपा ने अब तक हुए दो चरणों में 75% से अधिक सीटों पर जीत दर्ज की है। साथ ही, राज्य की 10 में से 10 नगर निगमों और 49 में से 35 नगर पालिकाओं में भाजपा ने अपनी नगर सरकार बनाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि 23 फरवरी को होने वाले तीसरे चरण के मतदान में भी जनता भाजपा को ही आशीर्वाद देगी।
साय ने केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की ओर अग्रसर है और जनता का विश्वास भाजपा पर कायम है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी केंद्र की गारंटी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू कर रही है, जिससे प्रदेश की जनता को सीधा लाभ मिल रहा है।
