धरसींवा/रायपुर। छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने ग्राम पंचायत सांकरा, धरसींवा क्षेत्र में चौक-चौराहों एवं देवालय परिसरों में बढ़ रही गंदगी, नशाखोरी एवं असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग को लेकर थाना प्रभारी सिलतरा थाना को ज्ञापन सौंपा है।
संगठन ने अपने आवेदन में बताया कि ग्राम पंचायत सांकरा के विभिन्न चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पुरखा देव, छत्तीसगढ़ महतारी एवं अन्य धार्मिक प्रतिमाएं स्थापित हैं, जो गांव की आस्था एवं सम्मान का प्रतीक हैं। लेकिन कुछ असामाजिक तत्व इन स्थानों पर शराब सेवन, गुटखा-तंबाकू सेवन एवं गंदगी फैलाने जैसी गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे गांव का वातावरण दूषित हो रहा है तथा धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा लगातार गांव को नशामुक्त बनाने हेतु जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, इसके बावजूद कुछ तत्व बार-बार ऐसी हरकतें कर रहे हैं। इससे महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की उचित जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा चौक-चौराहों एवं मंदिर परिसरों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, ताकि गांव का वातावरण स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण बना रहे।


इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष गोविन्द वर्मा, अध्यक्ष विमल टंडन, युवा क्रान्ति सेना अध्यक्ष पन्ना साहू, आदित्य बघेल, तारण साहू, राजु साहू, उमेश निषाद, रोशन साहू, विनय निषाद, नीलकमल साहू, केवल निषाद, सोनु निषाद, सतीश साहू, चरणदास रात्रे, सुरज विश्वकर्मा योगेश यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
