रायपुर, धरसींवा के ग्राम देवरी में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और सहयोगी संगठनों की ओर से महत्वपूर्ण बैठक एवं सदस्यता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना धरसींवा खंड, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी धरसींवा खंड, छत्तीसगढ़िया युवा क्रांति सेना तथा छत्तीसगढ़िया महिला क्रांति सेना के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा एवं महिला कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक के दौरान संगठन की विचारधारा, उद्देश्य और छत्तीसगढ़ के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक विकास में जनभागीदारी की भूमिका को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान 46 नए सदस्यों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। नवसदस्यों ने छत्तीसगढ़, छत्तीसगढ़ी भाषा, संस्कृति और छत्तीसगढ़िया समाज के हित में कार्य करने का संकल्प लिया।
संगठन की ओर से बताया गया कि नए सदस्यों ने छत्तीसगढ़िया समाज के अधिकार, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से काम करने तथा जनजागरण अभियान चलाने का संकल्प लिया है।
गांव-गांव और घर-घर पहुंचने पर जोर
बैठक में संगठन विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से गांव-गांव एवं घर-घर पहुंचकर संगठन की विचारधारा और जनहित से जुड़े मुद्दों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। उपस्थित सदस्यों ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर सहमति जताई।
वक्ताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, संस्कृति, भाषा, जल-जंगल-जमीन और स्थानीय अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर जनसंगठन को मजबूत करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से सदस्यता अभियान को आगे भी जारी रखने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने की बात कही गई।
कार्यक्रम का समापन “जोहार छत्तीसगढ़” के उद्घोष के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने एकजुट होकर छत्तीसगढ़िया समाज के हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
