बेमेतरा जिले के थाना चंदनू क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झिरिया में निकाली गई प्रतीकात्मक शव यात्रा मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए देवेंद्र यादव समेत कई कांग्रेस और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है।
यह कार्रवाई अंजू बघेल की लिखित शिकायत पर की गई है।
क्या है मामला?
शिकायत के अनुसार 9 मई 2026 को ग्राम झिरिया बाजार चौक में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। आरोप है कि इस दौरान विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक गुरूदयाल सिंह बंजारे सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम आयोजित किया।
आरोप है कि कार्यक्रम में दयालदास बघेल को “मृत घोषित” करते हुए शोक पत्र छपवाया गया और मंच से भाषणबाजी की गई।
इसके बाद बांस से पुतला बनाकर मुख्य मार्ग पर प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली गई, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बनी और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई।
“पारिवारिक और धार्मिक भावनाएं आहत हुईं”
शिकायतकर्ता अंजू बघेल ने कहा कि उनके पिता जीवित हैं, इसके बावजूद इस तरह की शव यात्रा निकालना परिवार की धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। शिकायत में इसे मंत्री की छवि खराब करने की साजिश भी बताया गया है।
कई धाराओं में मामला दर्ज
छत्तीसगढ़ पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 126, 299, 356 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद सभी आरोपियों की भूमिका की बारीकी से जांच की जा रही है।
