श्री गुरु अर्जुन Dev जी के शहीदी दिवस पर शुक्रवार को तेलीबांधा स्थित गुरुद्वारा परिसर में छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज द्वारा विशाल छबील सेवा एवं छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए और गुरु अर्जुन देव जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने राहगीरों को शरबत एवं प्रसादी वितरित कर सेवा परंपरा में सहभागिता निभाई। इस दौरान सिक्ख समाज ने उनका पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। गुरुद्वारा परिसर में आयोजित प्रदर्शनी में गुरु अर्जुन देव जी के जीवन, आध्यात्मिक योगदान और शहादत से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को प्रदर्शित किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी त्याग, तपस्या, सत्य, सेवा और मानवता की महान प्रतिमूर्ति थे। उन्होंने अन्याय और अत्याचार के सामने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उनका जीवन आज भी समाज को प्रेम, समानता, करुणा और मानव कल्याण का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि शहीदी दिवस पर आयोजित छबील सेवा केवल परंपरा नहीं, बल्कि सेवा, भाईचारे और मानवता की जीवंत अभिव्यक्ति है। भीषण गर्मी में राहगीरों को शरबत पिलाना निस्वार्थ मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज द्वारा आयोजित छायाचित्र प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि यह नई पीढ़ी को गुरु अर्जुन देव जी के आदर्शों, संघर्ष और महान बलिदान से परिचित कराने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने लोगों से गुरु जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, सिक्ख समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
