उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने बिलासपुर के अग्रसेन चौक में सर्वसुविधायुक्त अत्याधुनिक वेंटिलेटर युक्त एंबुलेंस का लोकार्पण किया। अग्रवाल महासभा की ओर से शुरू की गई यह जनसेवा अब सर्व समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए कम लागत पर उपलब्ध होगी।
लोकार्पण अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री साव ने अग्रवाल महासभा के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि गंभीर मरीजों को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल ले जाने के दौरान वेंटिलेटरयुक्त एंबुलेंस की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। कई बार ऐसी सुविधा के अभाव में मरीज की जान तक खतरे में पड़ जाती है। उन्होंने कहा कि महासभा ने लोगों की इस जरूरत को समझते हुए समाज को अत्याधुनिक एंबुलेंस समर्पित कर अनुकरणीय कार्य किया है।
श्री साव ने बताया कि एंबुलेंस के साथ पोर्टेबल वेंटिलेटर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे मरीजों को सुरक्षित और बेहतर चिकित्सा सहायता मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि यह एंबुलेंस समाज के हर वर्ग के लोगों के लिए कम शुल्क पर उपलब्ध रहेगी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्रवाल समाज शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्र में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि महाराजा अग्रसेन के आदर्शों पर चलते हुए समाज भविष्य में भी सेवा और परोपकार के ऐसे कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम में अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष श्री बाबूलाल अग्रवाल, महामंत्री श्री ओमप्रकाश अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री श्री राजेंद्र अग्रवाल सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
