नवा रायपुर के सेक्टर-9 में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित सरोज सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ किया गया। 50 बिस्तरों वाले इस अस्पताल का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया। इस अवसर पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अनेक जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, अस्पताल प्रबंधन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि किसी भी राज्य के समग्र विकास में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। नवा रायपुर में इस अत्याधुनिक अस्पताल की शुरुआत से स्थानीय नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा और अधोसंरचना के क्षेत्र में लगातार निवेश कर रही है, जिससे प्रदेश के लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो रहा है। उनके अनुसार छत्तीसगढ़ आज देश के तेजी से विकसित हो रहे राज्यों में शामिल है, जहां निवेश बढ़ रहा है, उद्योगों का विस्तार हो रहा है और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।
वित्त मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में निजी निवेश और आधुनिक अस्पतालों की स्थापना से न केवल नागरिकों को बेहतर इलाज मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में मजबूत स्वास्थ्य अधोसंरचना को महत्वपूर्ण आधार बताया।
उल्लेखनीय है कि 50 बिस्तरों वाले सरोज सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अस्पताल के शुरू होने से नवा रायपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा तथा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुलभ एवं सशक्त होंगी।
