स्वदेश दर्शन योजना के तहत करीब 146 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किए जा रहे भोरमदेव कॉरिडोर के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। काम की धीमी रफ्तार पर दोनों मंत्रियों ने ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों के प्रति नाराजगी जताते हुए तय समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में सभी प्रोजेक्ट के लिए 15-15 दिन की स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर निर्माण में तेजी लाने को कहा गया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने निर्देश दिया कि हर 15 दिन में निर्माण स्थल पर काम की प्रगति स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप काम नहीं होने पर जिम्मेदारी तय कर ठेकेदार को हटाने और अनुबंध की शर्तों के तहत कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। आवश्यकता पड़ने पर ब्लैकलिस्ट करने सहित अन्य कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए।
उप मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों के लिए पर्याप्त मशीनरी, मानव संसाधन और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही निर्माण की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए। आगामी भोरमदेव महोत्सव तक निर्माण कार्यों में स्पष्ट और दिखाई देने वाली प्रगति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
8-9 महीने बाद भी अपेक्षित प्रगति नहीं
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि कई कार्यों के कार्यादेश जारी हुए 8 से 9 माह बीत चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने प्रत्येक 15 दिन के लिए अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए। साथ ही भोरमदेव महोत्सव से 10 दिन पहले तक निर्धारित कार्यों को पूरा करने की समय-सीमा तय करने को कहा।
मंदिर की ऐतिहासिक वास्तुकला के अनुरूप होगा नया निर्माण
मंत्री राजेश अग्रवाल ने भोरमदेव कॉरिडोर के ड्राइंग और डिजाइन में भोरमदेव मंदिर की ऐतिहासिक वास्तुकला, स्वरूप और रंगत का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कॉरिडोर में होने वाले नए निर्माण मंदिर की ऐतिहासिक पहचान के अनुरूप और उसके साथ सामंजस्यपूर्ण होने चाहिए।
उन्होंने पीएमसी, भोरमदेव विकास समिति और संबंधित विभागों के बीच नियमित समन्वय बनाए रखने को कहा। निर्माण स्थल पर ठेकेदार की ओर से जिम्मेदार प्रतिनिधि की मौजूदगी सुनिश्चित करने तथा सिंचाई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
भोरमदेव मार्ग से हटेगा अतिक्रमण
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा से भोरमदेव जाने वाले मुख्य मार्ग के दोनों ओर अतिक्रमण का चिन्हांकन कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। राजस्व और वन विभाग की भूमि का संयुक्त चिन्हांकन करने और अतिक्रमण पाए जाने पर उसे हटाने को कहा गया।
अतिक्रमण मुक्त होने वाली उपयुक्त शासकीय भूमि का उपयोग पार्किंग और अन्य जनसुविधाओं के विकास के लिए करने के निर्देश भी दिए गए। इससे भोरमदेव आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार में मदद मिलेगी।
