Bangladesh : T20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम अब टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। आईसीसी ने बांग्लादेश को 24 घंटे का समय दिया था कि वे भारत में होने वाले मुकाबलों में हिस्सा लेने का फैसला करें, लेकिन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) और सरकार की बैठक के बाद तय हुआ कि टीम भारत में कोई मैच नहीं खेलेगी। इसके चलते बांग्लादेश की जगह अब स्कॉटलैंड को टी20 वर्ल्ड कप में खेल का अवसर मिलेगा।
बीसीबी ने आईसीसी की नीतियों पर उठाए सवाल
बैठक के बाद बीसीबी अध्यक्ष ने कहा कि आईसीसी ने भारत से मैच शिफ्ट करने का विकल्प नहीं दिया। उन्होंने आईसीसी के निर्णय को नाकामी बताया और कहा कि क्रिकेट अब ओलंपिक जैसे बड़े मंच पर पहुंच रहा है, लेकिन अगर हमारा जैसा देश वहां शामिल नहीं हो पा रहा, तो यह आईसीसी की असफलता है। उन्होंने यह भी कहा कि आईसीसी की बैठक में केवल बीसीसीआई की बात सुनी गई और बांग्लादेश के हितों की अनदेखी की गई।
सुरक्षा कारणों का हवाला
बीसीबी ने स्पष्ट किया कि पूरी टीम के लिए भारत में सुरक्षा चिंता बनी हुई है। अध्यक्ष ने कहा, “हम वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, लेकिन हमारे खिलाड़ियों की सुरक्षा को खतरा है। अगर एक खिलाड़ी मुस्तफिजुर को सुरक्षा नहीं दी जा सकती, तो पूरी टीम को कैसे सुरक्षित रखा जाएगा?” उन्होंने यह भी कहा कि यह निर्णय खिलाड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है।
स्कॉटलैंड को अब मिलेगा अवसर
बांग्लादेश के बाहर होने के बाद आईसीसी ने स्कॉटलैंड को टी20 वर्ल्ड कप में खेलने का अवसर प्रदान किया है। अब स्कॉटलैंड टीम टूर्नामेंट में बांग्लादेश की जगह अपने मैच खेलेगी।
