जल जीवन मिशन, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित सुजल ग्राम संवाद के तृतीय चरण में छत्तीसगढ़ की ओर से कोंडागांव जिले की ग्राम पंचायत साल्हेभाट ने प्रतिनिधित्व किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस संवाद में छत्तीसगढ़ सहित अरुणाचल प्रदेश, गोवा, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, दादर एवं नगर हवेली, दमन एवं दीव तथा लक्षद्वीप के प्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के मिशन संचालक ने ग्राम पंचायत साल्हेभाट के प्रतिनिधियों से पेयजल उपलब्धता, जल जीवन मिशन से ग्रामीणों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव, जल वहिनियों द्वारा एफटीके से जल परीक्षण एवं नमूना जांच की प्रक्रिया पर चर्चा की। साथ ही ग्रामवासियों द्वारा पेयजल हेतु मासिक शुल्क निर्धारण, योजना के संचालन और संधारण की व्यवस्थाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
जिला कार्यालय में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टर कोंडागांव नूपुर राशि पन्ना ने जिले में जल जीवन मिशन की प्रगति की जानकारी दी और जल सेवा आकलन तथा जल अर्पण दिवस को समय-सीमा में पूर्ण करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में जेरेना/GRAMG द्वारा पेयजल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन के लिए तैयार कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। वहीं, मिशन संचालक जल जीवन मिशन छत्तीसगढ़ शासन जितेन्द्र शुक्ला ने राज्य स्तर पर योजना की प्रगति से अवगत कराया।
