कलेक्टर सहित अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा
तैयारी तेज करने के निर्देश, ऑनलाइन पेंटिंग प्रतियोगिता का होगा आयोजन
ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी सिरपुर में माघ पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाला तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव 1 से 3 फरवरी 2026 तक भव्य, गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से आयोजित किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के नेतृत्व में जिला प्रशासन की टीम सिरपुर पहुंची और आयोजन स्थल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं जनसुविधाओं से युक्त बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार एवं सिरपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ धम्म शील गणवीर भी उपस्थित रहे।
ऑनलाइन पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन
इस वर्ष सिरपुर के वैभव एवं ऐतिहासिक महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऑनलाइन पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसके लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की जाएंगी।
सुविधाओं को लेकर दिए गए निर्देश
कलेक्टर ने महोत्सव स्थल, मुख्य मंच, डोम सहित पूरे परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, पार्किंग, विद्युत एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य मंच तक पहुंचने वाले मार्गों को पर्याप्त चौड़ा रखने तथा सुगम आवागमन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
स्थानीय आजीविका को मिलेगा बढ़ावा
महोत्सव स्थल पर विभागीय स्टॉल, स्व-सहायता समूहों के उत्पाद, वन उत्पाद, पर्यटन एवं संस्कृति से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे। स्थानीय व्यवसायियों, स्व-सहायता समूहों, कारीगरों एवं सरस मेला से जुड़े लोगों को स्टॉल आबंटन में प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे स्थानीय आजीविका को बढ़ावा मिल सके। स्टॉल ले-आउट इस प्रकार तैयार करने के निर्देश दिए गए कि आगंतुकों को सहज भ्रमण की सुविधा मिले और आपात स्थिति में निकास मार्ग बाधित न हो।
सांस्कृतिक कार्यक्रम व महानदी आरती
महोत्सव के दौरान बॉलीवुड कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय एवं छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। प्रतिदिन महानदी आरती का आयोजन भी किया जाएगा। कलेक्टर ने मुख्य मंच को आकर्षक एवं सांस्कृतिक थीम आधारित सजावट देने के निर्देश दिए।
सुरक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष जोर
महोत्सव परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, एम्बुलेंस एवं फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साफ-सफाई एवं कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी स्थानीय पंचायत को सौंपी गई है। प्रत्येक दिन कार्यक्रम समाप्ति के बाद कचरा उठाव अनिवार्य रूप से किया जाएगा। सड़क किनारे स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था, सड़कों की आवश्यक मरम्मत तथा पेयजल टैंकरों के नियमित क्लोरीनेशन के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल का विस्तृत ले-आउट तैयार कर शीघ्र कार्य पूर्ण करने एवं जनसुविधाओं के लिए एक नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम महासमुंद अक्षा गुप्ता, सरपंच पुष्पा के माली, तहसीलदार, जनपद सीईओ सहित लोक निर्माण, पीएचई, आरईएस, शिक्षा, श्रम, जल संसाधन, कृषि, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
