Priyanka Chopra Daughter Malti Birthday: मुंबई। बॉलीवुड और हॉलीवुड दोनों में अपनी अलग पहचान बना चुकी प्रियंका चोपड़ा जोनास इस बार अपनी बेटी मालती मैरी के 4वें जन्मदिन के कारण सुर्खियों में हैं। प्रियंका और उनके अमेरिकी पॉप स्टार पति निक जोनास ने इस खास दिन को पूरे परिवार और दोस्तों के साथ खास अंदाज में सेलिब्रेट किया।
इंस्टाग्राम स्टोरी पर जन्मदिन की झलकियां
प्रियंका ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर जन्मदिन की कुछ झलकियां साझा कीं। पार्टी का थीम ‘द लिटिल मरमेड’ रखा गया था, और केक को डिज़्नी की मशहूर किरदार एरियल और उसके दोस्त सेबास्टियन के अनुरूप तैयार किया गया। प्रियंका ने तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “अब मेरी नन्ही परी चार साल की हो गई है।” वहीं निक ने भी अपनी बेटी के जन्मदिन पर एक प्यारी तस्वीर साझा की, जिसमें उन्होंने मालती के चेहरे को केक इमोजी से ढक रखा था और लिखा, “मुझे यकीन नहीं हो रहा कि मेरी नन्ही परी अब चार साल की हो गई है।”

मधु चोपड़ा ने जताई खुशी
प्रियंका की मां मधु चोपड़ा ने इस अवसर पर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने लिखा, “मालती ने मुझे नानी बनाया और मेरी जिंदगी को खुशियों और जादू से भर दिया। ढेर सारा प्यार और जन्मदिन की शुभकामनाएं।”

प्रियंका और निक ने जनवरी 2022 में सरोगेसी के जरिए अपनी बेटी का स्वागत किया था। उस समय मालती का जन्म समय से पहले हुआ था और उन्हें 100 से अधिक दिनों तक NICU में रहना पड़ा, जो कपल के लिए चुनौतीपूर्ण समय था। लेकिन अब मालती स्वस्थ और खुशहाल है और पूरे परिवार ने उसके चार साल पूरे होने के मौके पर खुशी मनाई।

फैंस ने भी दी जन्मदिन की बधाई
सोशल मीडिया पर प्रियंका और निक ने पार्टी की कई झलकियां शेयर कीं। इन तस्वीरों में मालती का केक काटना, पार्टी डेकोरेशन और उसके दोस्तों के साथ खेलने के पल दिखाए गए। फैंस ने सोशल मीडिया पर मालती के लिए ढेर सारी जन्मदिन की शुभकामनाएं भेजी और प्रियंका-निक के परिवार को भी बधाई दी।
