रायपुर, स्वामी विवेकानंद जी की 163वीं जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में युवाओं के उत्साह, ऊर्जा और राष्ट्रप्रेम का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला। इस अवसर पर सुभाष स्टेडियम से स्वामी विवेकानंद सरोवर तक “स्वदेशी संकल्प दौड़” का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा एवं राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने युवाओं को आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार का होना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण का आधार भी है।
मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसकी युवा शक्ति पर निर्भर करती है। भारत आज आज़ादी के अमृतकाल में प्रवेश कर चुका है और युवाओं की बड़ी जनसंख्या देश को विश्व मंच पर सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित करने का अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाला दशक युवाओं के परिश्रम, ऊर्जा और नवाचार से भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। साथ ही मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा युवाओं के सर्वांगीण विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
इस अवसर पर मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर स्वदेशी संकल्प दौड़ को रवाना किया तथा युवाओं को स्वदेशी अपनाने और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में धरसीवां विधायक श्री अनुज शर्मा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर, निजी विश्वविद्यालय संघ के अध्यक्ष श्री विजय कुमार गोयल, सचिव उच्च शिक्षा विभाग डॉ. एस. भारतीदासन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा एवं नागरिक उपस्थित रहे।
