नई दिल्ली/ढाका: बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की प्रमुख बेगम खालिदा जिया का मंगलवार सुबह लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 80 वर्ष की थीं। एवरकेयर अस्पताल में इलाज के दौरान उनका देहांत हुआ। खालिदा जिया लिवर सिरोसिस, डायबिटीज, हृदय रोग और फेफड़ों के संक्रमण से पीड़ित थीं।
विदेश मंत्रालय ने घोषणा की कि विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर भारत सरकार और जनता का प्रतिनिधित्व करते हुए 31 दिसंबर को ढाका पहुंचकर उनके अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। अंतिम संस्कार बुधवार को संसद के सामने होगा और उन्हें पति पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान के बगल में दफनाया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “ढाका में पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन से गहरा दुख हुआ। बांग्लादेश की विकास और भारत-बांग्लादेश संबंधों में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। 2015 में ढाका में हुई सौहार्दपूर्ण मुलाकात याद है। उनकी दूरदृष्टि हमारी साझेदारी को दिशा देती रहेगी।”
बीएनपी ने सात दिन का शोक घोषित किया है, जबकि अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने तीन दिन का राजकीय शोक और जनाजे के दिन अवकाश घोषित किया। यूनुस ने अनुशासन बनाए रखने की अपील की।
