Ghar Kab Aaoge Song: मुंबई। करीब तीन दशक बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर देशभक्ति, बलिदान और जज्बे की वही गूंज सुनाई देने वाली है। जेपी दत्ता की ऐतिहासिक फिल्म ‘बॉर्डर’ ने जिस तरह दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी, अब उसका सीक्वल ‘बॉर्डर 2’ उसी विरासत को आगे बढ़ाने आ रहा है। फिल्म का टीजर पहले ही दर्शकों में उत्साह भर चुका है और अब इसके पहले गाने ‘घर कब आओगे’ के टीजर ने भावनाओं को छू लिया है।
‘घर कब आओगे’ टीजर ने किया इमोशनल
हाल ही में रिलीज हुआ ‘घर कब आओगे’ का टीजर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह गीत दरअसल उस यादगार गाने ‘संदेशे आते हैं’ की भावना को आगे बढ़ाता है, जिसने 28 साल पहले हर भारतीय की आंखें नम कर दी थीं। इस बार मेकर्स ने उसी गाने का एक्सटेंडेड और नए अंदाज में पेश किया गया वर्जन तैयार किया है, जिसमें संगीत में हल्का बदलाव जरूर है, लेकिन जज़्बात वही पुराने और गहरे हैं।
नाम बदला, भावना वही
इस नए संस्करण में गाने का नाम बदलकर ‘घर कब आओगे’ रखा गया है, जो सैनिकों की पीड़ा, इंतजार और परिवार से जुड़ी भावनाओं को और ज्यादा मजबूती से सामने रखता है। यह गाना फिल्म के चार प्रमुख किरदारों सनी देओल, दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी पर फिल्माया गया है।
चार आवाज़ें, एक जज़्बा
गाने को खास बनाने के लिए चार बड़े गायकों की आवाज़ शामिल की गई है सोनू निगम, अरिजीत सिंह, विशाल मिश्रा और दिलजीत दोसांझ। खास बात यह है कि ओरिजिनल गाने में आवाज़ दे चुके सोनू निगम इस नए वर्जन में भी शामिल हैं। उनके साथ इस बार नए दौर के लोकप्रिय गायकों को जोड़कर मेकर्स ने गाने को नई पीढ़ी से जोड़ने की कोशिश की है।
कब रिलीज होगी Border 2
‘बॉर्डर 2’ एक बार फिर 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी, जिसमें भारतीय जवानों के साहस, त्याग और देशभक्ति की कहानी दिखाई जाएगी। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिलहाल, ‘घर कब आओगे’ के टीजर ने साफ कर दिया है कि बॉर्डर 2 सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि देशभक्ति और भावनाओं से भरा एक यादगार अनुभव होने वाली है।
