नई दिल्ली। गोवा के बागा स्थित Birch by Romeo Lane नाइट क्लब में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा पैदा कर दिया। क्लब के अंदर से सामने आए दर्दनाक वीडियो में दिखता है कि जहां लोग संगीत और चमकती लाइट्स के बीच डांस का आनंद ले रहे थे, वहीं अचानक छत से आग की लपटें उठने लगीं और कुछ ही पलों में पूरा परिसर घने धुएं से भर गया। इस हादसे में अब तक 25 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
चंद सेकंड में नाचता माहौल बना त्रासदी
वीडियो फुटेज के मुताबिक, डांस फ्लोर पर एक महिला परफॉर्म कर रही थी और दर्शक संगीत की धुनों पर झूम रहे थे। अचानक ऊपर की ओर से चिंगारियां गिरने लगीं। स्टेज पर मौजूद कलाकार खतरा भांपकर भागने लगे, लेकिन कुछ ही सेकंड में पूरी इमारत धुएं से भर गई और लोग घबराहट में बाहर निकलने के लिए दौड़ पड़े।
चश्मदीदों के अनुसार आग बेहद तेजी से फैली और ग्राउंड फ्लोर पर वेंटिलेशन न होने के कारण कई लोग धुएं में फंस गए।
सिलिंडर ब्लास्ट की आशंका, 14 स्टाफ और 4 पर्यटक शामिल
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सिलिंडर ब्लास्ट को आग का कारण माना जा रहा है। मृतकों में 14 क्लब स्टाफ, 4 पर्यटक शामिल हैं, जबकि 7 शवों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
पुलिस ने नाइट क्लब के मालिकों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है और क्लब प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया है।
फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन, मैजिस्ट्रियल जांच के आदेश
गोवा के मुख्यमंत्री ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बताया कि क्लब में फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं किया गया था। उन्होंने मामले की मैजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाइ की बात कही।
एंट्री-एग्जिट गेट संकरे, निर्माण अवैध
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि क्लब के प्रवेश और निकास द्वार बेहद संकरे थे। भीड़ के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया, जिससे भयावह स्थिति पैदा हुई।
स्थानीय सरपंच का दावा है कि क्लब का निर्माण अवैध था, उसके खिलाफ शिकायतें भी लंबित थीं, लेकिन आदेशों पर रोक के चलते इसका संचालन जारी रहा।
