IND vs AUS 5th T20I: ब्रिसबेन। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला ब्रिसबेन के गाबा स्टेडियम में बारिश की वजह से रद्द हो गया। इस परिणाम के साथ ही टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया में पांच मैचों की टी20 सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। यह ऑस्ट्रेलिया में भारत की लगातार पांचवीं टी20 सीरीज जीत है।
मैच का हाल
मुकाबले की शुरुआत में ही भारत ने शानदार बल्लेबाजी की। सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ने 4.5 ओवर में बिना विकेट खोए 52 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुँचाया। गिल ने अपने आक्रामक अंदाज से ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों पर दबाव बनाया और एक ओवर में चार चौके जड़े। वहीं, अभिषेक शर्मा को दो बार जीवनदान मिला, जिसे उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी में बदल दिया।
लेकिन जैसे ही भारत ने 50 रन पूरे किए, तभी मौसम ने करवट बदल दी। तेज हवाओं और बिजली गिरने के चलते खिलाड़ियों को मैदान छोड़कर पवेलियन लौटना पड़ा। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद अंपायर्स ने मैच रद्द करने का फैसला सुनाया।
अभिषेक शर्मा बने ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’
सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अभिषेक शर्मा को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का खिताब दिया गया। उन्होंने पांच मुकाबलों में कुल 168 रन बनाए। अभिषेक ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में टी20 सीरीज खेलना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा, क्योंकि यहां की पिचें बल्लेबाजों के लिए अनुकूल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ल्ड क्लास गेंदबाजों जैसे हैज़लवुड का सामना करना चुनौतीपूर्ण और सीखने वाला अनुभव रहा।
