नई दिल्ली।अक्टूबर का महीना धार्मिक दृष्टि से बहुत खास माना जाता है, क्योंकि इसी समय कार्तिक मास आता है, जिसमें कई प्रमुख व्रत और त्योहार पड़ते हैं। इस महीने में करवा चौथ, धनतेरस, दिवाली, छठ पूजा और गोवर्धन पूजा जैसे बड़े उत्सव मनाए जाते हैं। साल 2025 में ये त्योहार इस प्रकार हैं:
- करवा चौथ: 10 अक्टूबर 2025
- धनतेरस: 18 अक्टूबर 2025
- दिवाली: 20 अक्टूबर 2025
- छठ पूजा: 27 अक्टूबर 2025
करवा चौथ 2025
करवा चौथ हर साल कार्तिक माह की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को मनाया जाता है। इस दिन विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। शाम को चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत पूर्ण किया जाता है। इस बार करवा चौथ 10 अक्टूबर 2025 को है। इस दिन संकष्टी चतुर्थी भी मनाई जाएगी।
धनतेरस 2025
धनतेरस, जिसे धन त्रयोदशी भी कहा जाता है, दीपावली उत्सव के पांच दिनों के आयोजन की शुरुआत होती है। कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को धनतेरस मनाया जाता है। इस दिन भगवान धन्वंतरि, मां लक्ष्मी और धन के देवता कुबेर की पूजा की जाती है। 2025 में धनतेरस 18 अक्टूबर को है। साथ ही इस दिन शनि प्रदोष व्रत भी किया जाएगा।
दिवाली 2025
दीपावली कार्तिक मास की अमावस्या को मनाई जाती है। साल 2025 में दिवाली 20 अक्टूबर को है। इस दिन नरक चतुर्दशी भी होती है, जिसे आमतौर पर छोटी दिवाली कहा जाता है। इस साल छोटी और बड़ी दिवाली दोनों एक ही दिन पड़ रही हैं। दिवाली के अवसर पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा का विधान होता है।
छठ पूजा 2025
छठ पूजा कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी को मनाई जाती है। यह पर्व विशेष रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में श्रद्धा भाव से मनाया जाता है। छठ व्रत में महिलाएं और पुरुष निराहार व्रत रखते हैं और सूर्य देवता को अस्ताचल और उदयाचल में अर्घ्य अर्पित करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि सूर्य की उपासना से संतान सुख और समृद्धि प्राप्त होती है। 2025 में छठ पूजा 27 अक्टूबर से शुरू होगी और चार दिनों तक चलेगी।
कार्तिक मास को त्योहारों का महीना माना जाता है। इन पर्वों के माध्यम से लोग आध्यात्मिकता, परिवार और समृद्धि के लिए प्रार्थना करते हैं। ये त्योहार न केवल धार्मिक महत्व रखते हैं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूत करते हैं।
