मुंबई। सनी देओल और अनिल शर्मा की जोड़ी ने बॉक्स ऑफिस पर कई बार धूम मचाई है, और अब एक बार फिर वे दर्शकों को रोमांचित करने वाले हैं। अनिल शर्मा की नई फिल्म ‘कोल किंग’ में सनी देओल मुख्य भूमिका में होंगे। यह फिल्म कोयला माफिया के खिलाफ एक्शन और ड्रामा से भरपूर रहने वाली है।
कोल किंग: कहानी और तैयारी
खबरों के मुताबिक, अनिल शर्मा पिछले दो साल से ‘कोल किंग’ की स्क्रिप्ट पर काम कर रहे थे और अब इसे फाइनल कर लिया गया है। फिल्म में सनी देओल एक्शन अवतार में नजर आएंगे और कोयला माफियाओं के छक्के छुड़ाने का काम करेंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका किरदार ऐसा होगा जो अब तक बड़े पर्दे पर नहीं देखा गया है। स्क्रिप्ट के साथ-साथ डायलॉग और स्क्रीनप्ले का काम जारी है, जबकि स्टार कास्ट को लेकर अभी अंतिम निर्णय होना बाकी है।

गदर 3 से पहले दस्तक दे सकती है
‘कोल किंग’ फिल्म गदर 3 से पहले रिलीज़ हो सकती है। इसके अलावा सनी देओल और अनिल शर्मा एक और फिल्म पर भी चर्चा कर रहे हैं, जिसका निर्णय इस साल के अंत तक लिया जाएगा। फिलहाल दूसरी फिल्म की स्क्रिप्टिंग तेजी से चल रही है और अभी तक फिल्म का नाम और कहानी सार्वजनिक नहीं हुई है।
सनी देओल की आगामी फिल्में
सनी देओल पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में हैं। ‘गदर 2’ के बाद उनकी हालिया फिल्म ‘जाट’ को दर्शकों ने पसंद किया। इसके अलावा वह नितेश तिवारी की रामायण फिल्म में हनुमान का किरदार निभाने वाले हैं। उनके अन्य प्रोजेक्ट्स में बॉर्डर 2 और लाहौर 1947 शामिल हैं, जो जल्द ही रिलीज़ के लिए तैयार हैं।
