छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर बीजापुर जिले के कुर्रगुट्टालू पहाड़ियों में 21 दिनों तक चले सबसे बड़े एंटी नक्सल अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। इस अभियान के दौरान 31 नक्सली मारे गए, वहीं कई जवान घायल हो गए। इन घायल जवानों का इलाज दिल्ली के AIIMS ट्रॉमा सेंटर में जारी है।
गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के डिप्टी मुख्यमंत्री विजय शर्मा घायल जवानों से मिलने दिल्ली AIIMS पहुंचे। उन्होंने जवानों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनका हौसला बढ़ाया।
घायल जवानों से मिले अमित शाह और विजय शर्मा
गृह मंत्री अमित शाह ने AIIMS ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर बीजापुर ऑपरेशन में घायल जवानों से बातचीत की और उनके साहस की सराहना की। इस मौके पर डिप्टी CM विजय शर्मा भी मौजूद रहे।
डिप्टी CM विजय शर्मा ने ऑपरेशन में घायल जवानों से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा:
“कुर्रगुट्टालू पहाड़ में चले ऑपरेशन में कोबरा बटालियन के असिस्टेंट कमांडेंट सागर गणेश बोराडे, हेड कांस्टेबल मुनेश चंद शर्मा, कांस्टेबल कृष्ण कुमार गुर्जर और कांस्टेबल धनु राम घायल हो गए थे। दिल्ली एम्स में उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और हौंसला बढ़ाया। जवानों के चेहरे पर मुस्कान थी। आपके भुजाओं की ताकत सभी देख रहे हैं। वीर जवानों के साहस और समर्पण को प्रणाम करता हूं।”
ऑपरेशन की बड़ी सफलता
21 अप्रैल से 11 मई 2025 तक चले इस अभियान में कुल 21 मुठभेड़ें हुईं। इसमें 16 महिला नक्सलियों सहित 31 नक्सली ढेर किए गए। सुरक्षाबलों ने 35 हथियार, 216 माओवादी ठिकाने, 450 आईईडी, 818 बीजीएल शेल, 899 बंडल कॉर्डेक्स, डेटोनेटर, और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी बरामद की।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मारे गए नक्सली प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) की PLGA बटालियन नंबर 01, तेलंगाना स्टेट कमेटी, और दंडकारण्य विशेष जोनल कमेटी से जुड़े थे।
