अम्बिकापुर : लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिलों में दो दिनों तक विभिन्न निर्माण एवं संधारण कार्यों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों, पुल-पुलियों, कॉलेज भवनों, अस्पतालों और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। सड़क संधारण में लापरवाही और निर्माण कार्यों में धीमी गति मिलने पर सचिव ने संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ नोटिस जारी करने, बैंक गारंटी राजसात करने तथा सुधार नहीं होने पर ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए।
सचिव श्री बंसल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाए और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे हों। निरीक्षण के दौरान प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी, अंबिकापुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता के.पी. संत, अधीक्षण अभियंता आर.एस. तोमर सहित संबंधित विभागीय अधिकारी और ठेकेदार मौजूद रहे।
दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर मार्ग के ठेकेदारों पर कार्रवाई
सरगुजा जिले में दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर मार्ग के निरीक्षण के दौरान संधारण अवधि में सड़कों का उचित रखरखाव नहीं किए जाने की स्थिति सामने आई। इस पर सचिव ने संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी कर बैंक गारंटी राजसात करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संधारण कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट किया जाए।
दरिमा-मैनपाट मार्ग पर रिटेनिंग वॉल, पुल-पुलियों और गार्डवॉल की पेंटिंग कराने के निर्देश भी दिए गए। वहीं सोनतराई-मैनपाट मार्ग पर कमलेश्वरपुर थाना चौक से कैंप नंबर-2 मंदिर तक 1.20 किलोमीटर सड़क को फोरलेन बनाने के लिए संशोधित प्राक्कलन तैयार कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया।
कॉलेज भवन और मेडिकल कॉलेज निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
कमलेश्वरपुर में निर्माणाधीन कॉलेज भवन के निरीक्षण के दौरान सचिव ने 15 दिसंबर तक भूतल के 50 प्रतिशत स्लैब की ढलाई तथा 15 जनवरी 2027 तक भूतल के पूरे स्लैब का निर्माण पूरा करने की समय-सीमा निर्धारित की। उन्होंने कॉलेज निर्माण के लिए चिह्नित भूमि का सीमांकन कराने और अवैध कब्जा मिलने पर उसे हटाने के लिए कलेक्टर से समन्वय करने के निर्देश दिए। भवन परिसर में टाटा वायरॉन फेंसिंग कराने को भी कहा गया।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन के निर्माण में धीमी प्रगति पर संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अनुभवी अभियंता नियुक्त करने तथा नियमित निरीक्षण की व्यवस्था निर्धारित की गई। उप अभियंता को प्रतिदिन, अनुविभागीय अधिकारी को दो दिनों में एक बार और अधीक्षण अभियंता एवं मुख्य अभियंता को प्रत्येक 30 दिनों में निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
दरिमा एयरपोर्ट के सामने सड़क और बाउंड्रीवॉल का होगा निर्माण
दरिमा एयरपोर्ट के निरीक्षण के दौरान टर्मिनल भवन के सामने सड़क की रि-कारपेटिंग कराने तथा एयरपोर्ट परिसर के किनारे बीसीएएस मानकों के अनुरूप बाउंड्रीवॉल निर्माण का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। परिसर में घास की कटाई तत्काल शुरू करने को भी कहा गया।
लोक निर्माण विभाग के कार्यालय भवन और सड़क परिसर के निरीक्षण में साफ-सफाई, खरपतवार हटाने, विभागीय परिसंपत्तियों के रखरखाव, बाउंड्रीवॉल एवं शेड निर्माण, क्वार्टरों की मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए गए।
सूरजपुर में डामरीकरण तत्काल शुरू करने के निर्देश
सूरजपुर जिले में बिशुनपुर-सूरजपुर-ओड़गी मार्ग के निरीक्षण के दौरान सचिव ने डामरीकरण का कार्य तत्काल प्रारंभ करने और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने 27 किलोमीटर लंबे तारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर-कृष्णपुर मार्ग के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की। ठेकेदार ने बताया कि करीब 10 किलोमीटर सड़क पर डब्ल्यूएमएम कार्य पूरा हो चुका है और बैच मिक्स प्लांट स्थापित कर दिया गया है। अगले तीन-चार दिनों में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर डामरीकरण शुरू करने की तैयारी है। ठेकेदार ने जून 2027 तक अनुबंध के सभी कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
सचिव ने निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सूरजपुर कलेक्टर बंगले में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, ऑडिटोरियम मरम्मत और जिले के अन्य निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की।
89 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से उन्नत राजपुर-प्रतापपुर मार्ग का निरीक्षण
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में केंद्रीय सड़क निधि (सीआरएफ) योजना के अंतर्गत उन्नयन एवं मजबूतीकरण किए गए राजपुर-प्रतापपुर मार्ग का भी निरीक्षण किया गया। जनवरी 2026 में 29.20 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का 89 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से उन्नयन एवं मजबूतीकरण किया गया है। सड़क वर्तमान में पांच वर्ष की परफॉर्मेंस गारंटी अवधि में है।
सचिव ने सड़क की स्थिति और संधारण व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने तथा आवश्यक मरम्मत समय पर कराने के निर्देश दिए।
दो दिवसीय निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के सचिव ने सभी जिलों में निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने, गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने और सड़क संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर जिम्मेदार ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
