छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने जा रही है। खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने अवैध धान के भंडारण और परिवहन के खिलाफ निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के ग्राम बरवासन में संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 240 बोरी धान जब्त किया है।
कलेक्टर विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में तहसील पेण्ड्रारोड अंतर्गत ग्राम बरवासन में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने जांच की। इस दौरान ग्राम निवासी राजेंद्र गुज्जर की बाड़ी में ट्रैक्टर पर रखी 35 बोरी और खुले में रखी 100 बोरी धान मिली। इस तरह उनके यहां कुल 135 बोरी धान पाया गया।
वहीं, जीवन सिंह मारको के यहां भी 105 बोरी धान अवैध रूप से भंडारित मिला। संयुक्त टीम ने दोनों स्थानों से कुल 240 बोरी धान जब्त कर ग्राम कोटवार की अभिरक्षा में सौंप दिया।
खेतों में कटाई नहीं, दूसरे किसान के खेत से धान लाने की जानकारी
जांच के दौरान संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की गई। इसमें बताया गया कि उनके खेतों में अभी तक धान की कटाई और मिसाई नहीं हुई है। पूछताछ में यह जानकारी भी सामने आई कि जब्त किया गया धान दूसरे किसान के खेत से लाकर भंडारित किया गया था। इसके बाद संयुक्त जांच दल ने नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की।
सीमावर्ती क्षेत्रों में भी प्रशासन की कड़ी निगरानी
राज्य में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के मद्देनजर प्रशासन ने जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों सहित विभिन्न स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है। राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार जांच कर रही हैं, ताकि बिचौलियों द्वारा अवैध रूप से धान का भंडारण और परिवहन कर समर्थन मूल्य पर अनियमित बिक्री करने की आशंका पर रोक लगाई जा सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध भंडारण, परिवहन और अनियमित बिक्री के मामलों में जांच एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
