आजकल बड़ी संख्या में लोग सोमवार से शुक्रवार तक ऑफिस में कुर्सी पर बैठकर लैपटॉप पर काम करते हैं। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक लगातार बैठे रहने के कारण शरीर की शारीरिक गतिविधियां काफी कम हो जाती हैं। इसके बाद शनिवार और रविवार को फिटनेस बनाए रखने के लिए अचानक बैडमिंटन, टेनिस या भारी वजन उठाने जैसी एक्सरसाइज शुरू कर देते हैं। लेकिन आपकी यह आदत सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। पूरे सप्ताह कम सक्रिय रहने के बाद अचानक भारी कसरत करने से कंधों पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, शुरुआत में होने वाली परेशानी को लोग अक्सर सामान्य मांसपेशियों का दर्द समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन धीरे-धीरे कंधों में जकड़न, दर्द और हाथ ऊपर उठाने में परेशानी जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। डॉ. नमन वहाल, वरिष्ठ सलाहकार एवं यूनिट प्रमुख, हड्डी रोग विभाग, फोर्टिस एस्कॉर्ट्स, नई दिल्ली के अनुसार, कंधों की परेशानी का कारण अचानक बढ़ाई गई शारीरिक गतिविधियां भी हो सकती हैं।
पूरे हफ्ते बैठकर काम करना और वीकेंड पर भारी कसरत क्यों है खतरनाक?
अगर आप पूरे सप्ताह शारीरिक गतिविधियों से दूर रहते हैं और वीकेंड पर अचानक एक घंटे तक बैडमिंटन खेलते हैं या भारी वजन उठाते हैं, तो आपका शरीर इस बदलाव के लिए तैयार नहीं हो सकता। खासतौर पर ऐसी गतिविधियां, जिनमें हाथों को बार-बार सिर के ऊपर ले जाना पड़ता है, कंधों पर अधिक दबाव डालती हैं।
बैडमिंटन और टेनिस जैसे खेलों में लगातार हाथ ऊपर उठाने, शॉट लगाने और सर्विस करने की जरूरत पड़ती है। वहीं जिम में कुछ एक्सरसाइज के दौरान भी कंधों पर काफी जोर पड़ता है। ऐसे में बिना तैयारी के अचानक पूरी क्षमता से कसरत करना कंधों की मांसपेशियों और आसपास के ऊतकों के लिए परेशानी पैदा कर सकता है।
पुरानी फिटनेस के भरोसे न करें भारी एक्सरसाइज
कई लोग पहले नियमित रूप से जिम जाते थे या खेलकूद में सक्रिय रहते थे। लेकिन लंबे समय तक ब्रेक लेने के बाद दोबारा शुरुआत करते समय वे पुरानी क्षमता के हिसाब से ही कसरत करने लगते हैं। यह आदत नुकसान पहुंचा सकती है।
ध्यान रखें कि कुछ साल पहले आपका शरीर जितना वजन उठाने या जितनी देर तक कसरत करने में सक्षम था, जरूरी नहीं कि आज भी उतना ही सक्षम हो। थकान महसूस होने के बावजूद लगातार एक्सरसाइज करना कंधों की परेशानी को और बढ़ा सकता है। इसलिए लंबे ब्रेक के बाद धीरे-धीरे अपनी क्षमता के अनुसार कसरत शुरू करें।
वीकेंड वर्कआउट से पहले इन 5 बातों का रखें ध्यान
1\. हल्की एक्सरसाइज से करें शुरुआत: सीधे भारी वजन उठाने से बचें। पहले वार्मअप और हल्की गतिविधियों के जरिए शरीर को कसरत के लिए तैयार करें।
2\. कंधों को भी करें तैयार: बैडमिंटन या टेनिस खेलने से पहले केवल दौड़ना पर्याप्त नहीं है। हाथों और कंधों की मांसपेशियों को भी अच्छी तरह वार्मअप करें।
3\. धीरे-धीरे बढ़ाएं एक्सरसाइज: लंबे समय के ब्रेक के बाद अचानक कठिन वर्कआउट शुरू न करें। कसरत का समय और उसकी तीव्रता धीरे-धीरे बढ़ाएं।
4\. सप्ताहभर रहें सक्रिय: केवल शनिवार और रविवार को ही एक्सरसाइज करने के बजाय सप्ताह के बाकी दिनों में भी थोड़ी देर पैदल चलें और हल्की शारीरिक गतिविधियां करें।
5\. कंधों को दें पर्याप्त आराम: पुश-अप, प्लैंक और भारी चेस्ट वर्कआउट जैसी एक्सरसाइज में भी कंधों की मांसपेशियों का इस्तेमाल होता है। इसलिए लगातार कंधों पर दबाव डालने से बचें।
कंधों में दर्द और जकड़न को न करें नजरअंदाज
कसरत के बाद हल्की मांसपेशियों की जकड़न होना सामान्य हो सकता है, खासकर तब जब आपने लंबे समय बाद एक्सरसाइज शुरू की हो। लेकिन अगर बार-बार हाथ ऊपर उठाने, बैडमिंटन या टेनिस में सर्विस करने अथवा कोई चीज फेंकने के दौरान कंधे में दर्द होता है, तो इसे सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज न करें।
इसके अलावा कंधे में कमजोरी महसूस होना, हाथ घुमाने में परेशानी होना या बार-बार दर्द होना भी सावधानी बरतने के संकेत हैं। ऐसी स्थिति में एक्सरसाइज रोककर डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।
समय रहते कंधों की परेशानी पर ध्यान देने और सही तरीके से वर्कआउट करने से चोट का खतरा कम किया जा सकता है। फिट रहने के लिए केवल वीकेंड पर भारी कसरत करना जरूरी नहीं है, बल्कि पूरे सप्ताह नियमित और संतुलित शारीरिक गतिविधियां बनाए रखना ज्यादा फायदेमंद है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य स्वास्थ्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसे चिकित्सकीय सलाह का विकल्प न समझें। कंधों में लगातार दर्द या अन्य परेशानी होने पर विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
