गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में अपने अदम्य साहस, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले पुलिस अधिकारियों से उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परेड में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले अधिकारियों को बधाई दी, उनके अनुभवों को जाना और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उप मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों के साथ भोजन भी किया।
छत्तीसगढ़ के जवानों ने राष्ट्रीय मंच पर दिखाई बस्तर के शौर्य की झलक
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित भव्य परेड में छत्तीसगढ़ के जवानों की सहभागिता पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण क्षण था। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं परेड का सीधा प्रसारण देखा। जवानों के आत्मविश्वास, अनुशासन और गर्व के साथ कदमताल करते हुए मार्च करने का दृश्य भावुक और गौरव से भर देने वाला था।
उन्होंने कहा कि जवान केवल परेड में शामिल नहीं हुए, बल्कि उन्होंने पूरे देश के सामने छत्तीसगढ़ के साहस, संघर्ष और बदलते बस्तर की नई पहचान प्रस्तुत की। छत्तीसगढ़ पुलिस, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और एसटीएफ की सहभागिता ने प्रदेश के पराक्रम और मजबूत संकल्प का संदेश दिया।
बस्तर की महिला कमांडो के आत्मविश्वास ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बस्तर फाइटर्स की महिला कमांडो के शानदार मार्च पास्ट की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस आत्मविश्वास, जोश और दृढ़ता के साथ बस्तर की महिला कमांडो ने परेड में हिस्सा लिया, वह अद्भुत था। इन महिला जवानों ने पूरे बस्तर की महिलाओं की शक्ति, साहस और आत्मसम्मान का प्रतिनिधित्व किया।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों को कभी नक्सल हिंसा और भय के कारण जाना जाता था, आज उन्हीं क्षेत्रों की बेटियां राष्ट्रीय मंच पर अपनी क्षमता और सामर्थ्य का प्रदर्शन कर रही हैं। यह बदलते बस्तर की प्रेरणादायक तस्वीर है। बस्तर की बेटियों ने साबित किया है कि अवसर मिलने पर वे किसी भी चुनौती का सामना कर देश का गौरव बढ़ा सकती हैं।
एकता नगर के अनुभवों को अधिकारियों ने किया साझा
परेड में शामिल अधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के लिए लगातार कठिन अभ्यास और मेहनत की गई थी। देश के विभिन्न सुरक्षा बलों के साथ एक ही मंच पर प्रदर्शन करना उनके लिए जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहा।
अधिकारियों ने एकता नगर की भव्यता, सुंदरता और बेहतर व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से लगातार मिल रही बधाइयों और शुभकामनाओं ने उनका उत्साह बढ़ाया। जवानों के लिए सबसे गौरवपूर्ण क्षण पूरे देश के सामने छत्तीसगढ़ पुलिस और बस्तर के सुरक्षा बलों के योगदान को प्रस्तुत करना था।
नक्सलवाद के विरुद्ध संघर्ष से शांति और विकास तक की गौरवगाथा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सुरक्षा बलों ने कठिन परिस्थितियों में साहस, समर्पण और बलिदान के साथ नक्सलवाद के विरुद्ध संघर्ष किया है। आज इस संघर्ष और सफलता की कहानी राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत होना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि बस्तर भय और हिंसा के अतीत से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस परिवर्तन में वीर जवानों की भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में जवानों की सहभागिता वर्षों के संघर्ष, साथियों के बलिदान और बस्तर में स्थापित हो रही शांति की विजयगाथा का प्रतीक बनी।
परेड में इन पुलिस अधिकारियों ने निभाई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में छत्तीसगढ़ के कई पुलिस अधिकारियों ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
– डीएसपी बृज किशोर यादव – संपूर्ण परेड के द्वितीय कमान अधिकारी। वर्तमान में बीजापुर जिले के कुटरू में एसडीओपी पदस्थ।
– डीएसपी जितेंद्र कुम्भकार – परेड के आरक्षित टू-आईसी। वर्तमान में सुकमा जिले के कोंटा में एसडीओपी पदस्थ।
– डीएसपी कुलदीप बंजारे – डीआरजी पुरुष टुकड़ी के कमांडर।
– शरद जायसवाल – डीआरजी पुरुष टुकड़ी के आरक्षित कमांडर।
– डीएसपी अमृता पैकरा – डीआरजी एवं बस्तर फाइटर्स की महिला टुकड़ी की कमांडर।
– कविता ध्रुवे – महिला टुकड़ी की आरक्षित कमांडर।
– डीएसपी प्रवीण भारती – एसटीएफ टुकड़ी के आरक्षित अधिकारी।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभी अधिकारियों के समर्पण, कठिन परिश्रम और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि जवानों ने राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उनका साहस और अनुशासन प्रदेश के अन्य पुलिसकर्मियों तथा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी अधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
