रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में घिर गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी वाले वीडियो पोस्ट करने के मामले में भाजपा ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा नेताओं की शिकायत के बाद रायपुर के सिविल लाइंस थाने में अमित जोगी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
भाजपा नेताओं ने मंगलवार को विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में सिविल लाइंस थाने पहुंचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। भाजपा का आरोप है कि अमित जोगी ने सोशल मीडिया पर संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक सामग्री साझा की है, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
भाजपा ने पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग
पुलिस को सौंपे गए ज्ञापन में भाजपा नेताओं ने वीडियो तैयार करने, उसकी पटकथा लिखने और उसमें शामिल सभी संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त जैसे संवैधानिक पदों की गरिमा का मजाक उड़ाना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।
इस मामले को लेकर भाजपा ने पुलिस से पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, अमित जोगी की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी उपलब्ध नहीं है।
