बस्तर ओलंपिक 2026 के लिए आज यानी 1 अक्टूबर से पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो गई है। क्षेत्र के युवाओं की खेल प्रतिभा को सामने लाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले इस आयोजन के लिए खिलाड़ी 30 अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। प्रतियोगिताओं का विकासखंड स्तर से नवंबर महीने में आगाज होगा।
बस्तर ओलंपिक का यह तीसरा संस्करण है। इसमें 11 अलग-अलग खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, फुटबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और कराटे सहित अन्य खेल शामिल हैं।
जूनियर और सीनियर वर्ग में होंगे मुकाबले
बस्तर ओलंपिक में जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष की आयु के बालक-बालिकाएं शामिल होंगे, जबकि सीनियर वर्ग में महिला और पुरुष खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगे।
तीन स्तरों पर होगा आयोजन
बस्तर ओलंपिक की प्रतियोगिताएं तीन चरणों में आयोजित की जाएंगी। सबसे पहले विकासखंड स्तर पर मुकाबले होंगे। इसके बाद जिला और संभाग स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
विकासखंड स्तर: 1 से 13 नवंबर
जिला स्तर: 16 से 25 नवंबर
संभाग स्तर: 7 से 11 दिसंबर
पिछले संस्करण में 3.91 लाख खिलाड़ियों ने कराया था रजिस्ट्रेशन
बस्तर ओलंपिक के पिछले संस्करणों में खिलाड़ियों की भागीदारी लगातार बढ़ी है। पहले संस्करण में करीब 1.65 लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था, जबकि दूसरे संस्करण में यह संख्या बढ़कर 3.91 लाख तक पहुंच गई थी। तीसरे संस्करण में भी बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है।
बस्तर ओलंपिक की शुरुआत क्षेत्र के युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से की गई थी। खासतौर पर बस्तर के युवाओं को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
